*कोल पिच में लगी आग पर पाया गया काबू**नगर सेना, अग्निशमन एवं विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की संयुक्त कार्रवाई से टली बड़ी दुर्घटना**कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश*
नमस्ते कोरबा : जिले के औद्योगिक क्षेत्र खरमोरा स्थित वेस्टर्न इलेक्ट्रोड कार्बन फैक्ट्री के कोल पिच में आज आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन एवं अग्निशमन दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पा लिया। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 25 जुलाई 2026 को दोपहर 1:05 बजे अंकुश अग्रवाल, पिता सुभाष अग्रवाल, निवासी इंडस्ट्रियल एरिया, खरमोरा, जिला कोरबा द्वारा वेस्टर्न इलेक्ट्रोड कार्बन फैक्ट्री के कोल पिच में आग लगने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, कोरबा की दमकल वाहन एवं फायर टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
साथ ही, अतिरिक्त सहायता के लिए बालको, एचटीपीपी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह तथा एनटीपीसी के फायर कंट्रोल रूम को भी तत्काल सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सभी संस्थानों के दमकल वाहन एवं अग्निशमन दल घटनास्थल पर पहुंचे और संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान प्रारंभ किया।
लगभग तीन घंटे की लगातार कड़ी मशक्कत एवं समन्वित प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अग्निशमन दल की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के कारण आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटनास्थल पर एसडीएम सरोज महिलांगे सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे तथा राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने घटना का पल पल अपडेट लेने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को औद्योगिक दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने सुरक्षा के पर्याप्त उपाय के आवश्यक निर्देश दिए हैं।
Read more :- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कोरबा में जयसिंह अग्रवाल बोले “छात्रों ने मोदी सरकार का घमंड झुका दिया”









