निगम में सभापति ने विरोध स्वरूप जमीन पर बैठकर किया काम,आयुक्त ने निगम सचिव को किया नोटिस जारी
नमस्ते कोरबा :- नगर पालिक निगम कोरबा में सभापति के अनोखे विरोध ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। करोड़ों के विकास कार्यों के लोकार्पण के बीच ऐसा प्रशासनिक बवाल सामने आया कि खुद सभापति को विरोध में कुर्सी छोड़कर जमीन पर बैठना पड़ा। यह नजारा न केवल चौंकाने वाला था, बल्कि निगम की कार्यशैली पर सीधा तमाचा भी साबित हुआ।
पूरा विवाद 6 जून के हुए कार्यक्रम को लेकर था जहां प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आवास एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि थे। हैरानी की बात यह रही कि महापौर, सभापति समेत कई जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम की सूचना तक नहीं दी गई। सत्ता पक्ष के ही जनप्रतिनिधियों की अनदेखी ने मामले को और विस्फोटक बना दिया।
निगम के भीतर लंबे समय से चल रही खींचतान और समन्वय की कमी इस घटना के साथ खुलकर सामने आ गई। नाराज सभापति ने सीधे मोर्चा खोलते हुए सभा कक्ष में कुर्सी पर बैठने से इनकार कर दिया और जमीन पर बैठकर काम किया।
मामले ने तूल पकड़ा तो निगम आयुक्त को भी सख्त कदम उठाने पड़े। निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है।आयुक्त ने आश्वस्त किया कि भविष्य में जनप्रतिनिधियों की गरिमा का पूरा ध्यान रखा जाएगा और इस प्रकार की स्थिति दोबारा नहीं आने दी जाएगी।
Read more :- प्रेस कांप्लेक्स में एक पेड़ मां के नाम अभियान तहत किया गया पौधारोपण,मंत्री लखन देवांगन रहे मुख्य अतिथि









