ब्रेकिंग : 14 करोड़ के सीवरेज काम पर उठे सवाल,पार्षद ने कलेक्टर को लिखा पत्र,तकनीकी गड़बड़ी और घटिया निर्माण का आरोप
नमस्ते कोरबा :- नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 25 और 26 में करीब 14.34 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सीवरेज लाइन निर्माण कार्य को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वार्ड पार्षद अनुज कुमार जायसवाल ने कलेक्टर को पत्र लिखकर निर्माण कार्य में तकनीकी अनियमितताओं, घटिया गुणवत्ता और DPR के अनुरूप काम नहीं होने की शिकायत की है।

पार्षद ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही सीवरेज और जल निकासी की समस्या का समाधान करना है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट दिखाई दे रही है। स्थानीय निरीक्षण और नागरिकों से मिली जानकारी के आधार पर कार्य में कई गंभीर खामियां सामने आई हैं।
पत्र में उठाए गए मुख्य मुद्दों के अनुसार क्षेत्र में केवल 200 मिमी क्षमता की HDPE पाइपलाइन डाली जा रही है, जो भविष्य की बढ़ती जनसंख्या के हिसाब से अपर्याप्त बताई गई है। इसके अलावा, पाइप कनेक्शन के लिए बनाए जा रहे चैंबर फ्लाई ऐश ईंटों से तैयार किए जा रहे हैं, जबकि तकनीकी मानकों के अनुसार RCC/CC चैंबर अधिक मजबूत और टिकाऊ माने जाते हैं।
सबसे चिंताजनक बात यह बताई गई है कि निर्माण स्थल पर निगम के जिम्मेदार अधिकारी या तकनीकी विशेषज्ञों की नियमित निगरानी नहीं हो रही है, जिससे ठेकेदार मनमाने तरीके से काम कर रहा है। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि निगम प्रशासन केवल औपचारिकता निभा रहा है और वास्तविक समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है।
पार्षद ने कलेक्टर से मांग की है कि इस निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए, DPR और स्वीकृत डिज़ाइन की समीक्षा की जाए तथा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पाइपलाइन की क्षमता का पुनर्मूल्यांकन किया जाए। साथ ही घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की गई है।
पार्षद ने चेतावनी दी है कि यदि वर्तमान स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो करोड़ों रुपये की सरकारी राशि व्यर्थ चली जाएगी और आम जनता को फिर से जलभराव और सीवरेज की समस्या झेलनी पड़ेगी।
Read more :- निगम में सभापति ने विरोध स्वरूप जमीन पर बैठकर किया काम,आयुक्त ने निगम सचिव को किया नोटिस जारी









