VIP कल्चर से अलग मिसाल: कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर हफ्ते में दो दिन बाइक से करेंगे सफर,पीएम नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण आह्वान से प्रेरित पहल, जनता से भी ईंधन बचाने की अपील
नमस्ते कोरबा :- नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने वीआईपी संस्कृति से अलग हटकर एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने सप्ताह में दो दिन शासकीय इनोवा कार का उपयोग पूरी तरह बंद कर अपनी निजी मोटरसाइकिल से सफर करने का निर्णय लिया है। इसे उन्होंने देशसेवा में “छोटा सा समर्पण” बताया है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के आह्वान से प्रेरित बताई जा रही है।

सरकारी सुविधाओं से दूरी, सादगी को अपनाया
आमतौर पर जनप्रतिनिधियों के लिए सरकारी वाहन प्रतिष्ठा का प्रतीक माने जाते हैं, लेकिन नूतन सिंह ठाकुर ने इस परंपरा को तोड़ते हुए सादगी का संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सप्ताह के दो दिन वे सभी विभागीय कार्य, बैठकों और जनसंपर्क के लिए केवल अपनी बाइक का ही उपयोग करेंगे।
देशसेवा में छोटा सा समर्पण’
सभापति ठाकुर ने कहा कि “प्रधानमंत्री जी का संदेश है कि हर नागरिक राष्ट्रहित में योगदान दे। मेरा यह कदम उसी दिशा में एक छोटा सा प्रयास है। ईंधन की बचत देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण दोनों के लिए जरूरी है।”
जनता से भी की अपील
उन्होंने कोरबा शहरवासियों से इस मुहिम को जन-आंदोलन बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि
जहां संभव हो, निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें
साइकिल चलाने की आदत बढ़ाएं
ट्रैफिक सिग्नल पर इंजन बंद रखें
अनावश्यक ईंधन खर्च से बचें
शहर में पहल की सराहना
सभापति की इस पहल को शहर में व्यापक समर्थन मिल रहा है। आम लोगों और प्रबुद्ध वर्ग का मानना है कि जब जनप्रतिनिधि खुद उदाहरण प्रस्तुत करता है, तो समाज पर उसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
लोगों को उम्मीद है कि इस पहल से प्रेरणा लेकर अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण बचाने की दिशा में आगे आएंगे।
Read more – जल जीवन मिशन की हकीकत: दो साल से अधूरी टंकी, ठाड़पखना के ग्रामीण बूंद-बूंद को मोहताज
सीईओ के इंतजार में तीन घंटे तक बैठे रहे जनप्रतिनिधि, नाराज जिला पंचायत अध्यक्ष ने खोला मोर्चा











