“कोरबा में ईस्टर की गूंज: डिंगापुर चर्च से निकला विजय जुलूस, पुनरुत्थान का संदेश”
नमस्ते कोरबा। डिंगापुर स्थित जोशीयस इंटरनेशन चर्च में ईस्टर का पावन पर्व रविवार को पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मसीही समाज ने प्रभु यीशु मसीह के पुनरुत्थान की खुशी में भव्य विजय जुलूस निकाला, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
ईस्टर, ईसाई धर्म का एक प्रमुख पर्व है, जो इस सत्य की याद दिलाता है कि प्रभु यीशु मसीह ने मृत्यु पर विजय प्राप्त कर तीसरे दिन पुनः जीवन धारण किया। पवित्र बाइबल के वचन “वह यहां नहीं है, परन्तु जी उठा है” के संदेश के साथ सुबह से ही चर्च में विशेष प्रार्थनाओं का आयोजन शुरू हो गया था।
श्रद्धालुओं ने चर्च पहुंचकर क्रूस के समीप कैंडल जलाकर प्रार्थना की और प्रभु के पुनरुत्थान की गवाही दी। आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में पास्टर आमोस मसीह ने वचन साझा करते हुए कहा कि यीशु का पुनरुत्थान मानव जीवन के लिए आशा और अनंत जीवन का संदेश है। उन्होंने कहा कि यह पर्व सिखाता है कि मृत्यु अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है।
सभा के दौरान पवित्र प्रभु भोज का वितरण किया गया, जिसमें उपस्थित सभी विश्वासियों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। पास्टर आमोस ने सभी को ईस्टर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुड फ्राइडे को सूली पर चढ़ाए गए प्रभु आज भी जीवित हैं और मानवता को प्रेम, क्षमा और विश्वास का मार्ग दिखा रहे हैं। इस विशेष आयोजन में कलीसिया के बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
Read more :- बालकोनगर में लघु दुकानदारों के समर्थन में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का कड़ा रुख, प्रबंधन को दी चेतावनी










