माँ सर्वमंगला दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, अष्टमी पर चरम पर रही भीड़
नमस्ते कोरबा :- चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर हसदेव नदी तट स्थित प्रसिद्ध माँ सर्वमंगला मंदिर में
इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी। नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक पर्व में प्रतिदिन हजारों भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचते रहे, वहीं अष्टमी तिथि पर आस्था का जनसैलाब देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर माँ दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना करते नजर आए।
हिंदू नववर्ष के साथ प्रारंभ हुए चैत्र नवरात्र में जिले सहित दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर माँ के दरबार में पहुंचे। माँ सर्वमंगला मंदिर को जिले की प्रमुख आस्था स्थली माना जाता है, जहां नवरात्र के दौरान विशेष धार्मिक माहौल बना रहता है।
सप्तमी के अवसर पर मंदिर में माँ सर्वमंगला का विशेष श्रृंगार किया गया। आकर्षक पोशाक और भव्य आभूषणों से सुसज्जित देवी के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए, जिनकी रोशनी से पूरा वातावरण भक्तिमय और आलोकित हो गया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, अलग-अलग कतारों की व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही।
मंदिर के राजपुरोहित नन्हा महाराज ने बताया कि सप्तमी और अष्टमी के दिन विशेष पूजा के चलते हर वर्ष सबसे अधिक भीड़ रहती है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण एवं भंडारे की व्यवस्था पूरे नवरात्र भर जारी है। नवरात्र के समापन तक लाखों श्रद्धालुओं के माँ सर्वमंगला के दरबार में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है।
Read more :- सड़क पर ‘मौत का स्टंट’: मोतीसागर पारा के युवकों ने उड़ाई कानून की धज्जियां, वीडियो वायरल









