महाशिवरात्रि पर निकली शिव बारात में शामिल हुए पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल
नमस्ते कोरबा :- महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भक्ति और उत्साह के साथ शिव बारात यात्राएं निकाली गईं। इस दौरान पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल भी श्रद्धालुओं के साथ शिव बारात में शामिल हुए और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर बालको के सुरक्षा विभाग के बैरक, बिही बाड़ी परसाभांठा बालको, पुरानी बस्ती कोरबा में केन कॉलेज के पीछे स्थित शिव मंदिर तथा दुरपा रोड स्थित काली मंदिर के भक्तजनों द्वारा भव्य शिव बारात यात्रा का आयोजन किया गया। विभिन्न स्थानों से निकली बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों व हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।
पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने बारात में शामिल होकर श्रद्धालुओं के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और प्रदेश व क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जो समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
शिव बारात यात्रा के दौरान आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं, जिनमें भगवान शिव, माता पार्वती और शिवगणों की झलक ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जगह-जगह भक्तों ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया। आयोजन समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।
Read more :- महाशिवरात्रि पर आस्था का सैलाब: मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़, घंटों कतार में लगे श्रद्धालु










