मुख्यमंत्री का स्वागत नहीं, विरोध,किसानों की मौत पर जश्न नहीं,जवाब चाहिए : कोरबा में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार
नमस्ते कोरबा :- कोरबा जिला युवा कांग्रेस (शहर–ग्रामीण) ने सोमवार को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब प्रदेश में किसान लगातार आत्महत्या कर रहे हैं, तब जश्न और भूमिपूजन करना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक ओर किसान कर्ज, फसल नुकसान और मुआवजे की मांग को लेकर जान गंवा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कोरबा जिले में भाजपा कार्यालय निर्माण के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर भूमिपूजन किया जा रहा है। यह किसानों के घाव पर नमक छिड़कने जैसा है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “किसान मर रहे हैं जवाब दो”, “मुख्यमंत्री का स्वागत नहीं, विरोध होगा” जैसे नारे लगाए। उनका कहना था कि जब तक किसान मौतों पर सरकार ठोस जवाब और राहत पैकेज की घोषणा नहीं करती, तब तक ऐसे आयोजनों का विरोध जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने का प्रयास है।
Read more :- कोरबा ब्रेकिंग : ऊर्जानगरी कोरबा में भाजपा के ‘अटल स्मृति भवन’ का शिलान्यास







