महाराजा गुहा निषादराज जयंती : ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने, नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं : पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल
नमस्ते कोरबा। महाराजा गुहा निषादराज जयंती के अवसर पर आयोजित युवक-युवती एवं विधुर-विधवा परिचय सम्मेलन का आयोजन निषाद समाज समिति द्वारा गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल रहे।
इस अवसर पर पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद एवं कोरबा शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि जयसिंह अग्रवाल ने अपने संबोधन में महाराजा गुहा निषादराज के त्याग, शौर्य एवं सामाजिक समरसता के आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने, नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने निषाद समाज समिति द्वारा की गई इस सकारात्मक एवं दूरदर्शी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
श्री अग्रवाल ने कहा कि युवक-युवती एवं विधुर-विधवा परिचय सम्मेलन जैसे आयोजन सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जो सम्मानजनक जीवन की दिशा में सार्थक पहल साबित होते हैं। उन्होंने सफल एवं अनुशासित आयोजन के लिए आयोजकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, महिलाओं, युवाओं तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। आयोजन पूरे उत्साह, अनुशासन एवं सामाजिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ।
Read more :- संडे स्पेशल : कोरबा के दीवारों पर उतरे 90 के दशक के सुपर हीरो, सौंदर्यीकरण के साथ स्वच्छता का सशक्त संदेश







