Friday, February 6, 2026

*राजस्व मंत्री ने इमलीछापर चौक से सर्वमंगला चौक तक की सड़क मरम्मत कार्य का किया औचक निरीक्षण*

Must Read
नमस्ते कोरबा :: राजस्व मंत्री ने मानसून से पहले सड़कों के मरम्मत कार्य को पूर्ण कराने एस.ई.सी.एल. को पूर्व में ही जारी किया था निर्देश।
ऽ इमलीछापर चौक से सर्वमंगला चौक तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी।
ऽ राजस्व मंत्री ने आम नागरिकों को हो रही दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए फौरी तौर पर सड़क मरम्मत कार्य करवाने के लिए प्रबंधन पर दबाव बनाकर 2 करोड़ छिहत्तर लाख मंजूर करवाया था।
ऽ निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने पश्चात सड़क मरम्मत कार्य आरंभ हो चुका है।
प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने एस.ई.सी.एल. प्रबंधन द्वारा इमलीछापर चौक से सर्वमंगला चौक को जोड़ने वाली सड़क के लिए कराए जानेवाले मरम्मत कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण से पूर्व राजस्व मंत्री ने एस.ई.सी.एल. प्रबंधन के साथ बैठक लेकर इस संबंध में किए जा रहे कार्य और कार्य की गति धीमी होने के कारणों की समीक्षा किया। राजस्व मंत्री को बताया गया कि इस सड़क का विस्तार फोरलेन के रूप में किया जाना है जिसके लिए सड़क के समानांतर जल आपूर्ति हेतु पहले से लगाई गई पाईप लाईन को शिफ्ट कराना आवश्यक था। अब चूंकि पाईप लाईन शिफ्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है और इसकी वजह से सड़को पर बने गड्ढ़ों को आवागमन योग्य बनाने के लिए सड़क मरम्मत का कार्य आरंभ कर दिया गया है। यहां बताना आवश्यक है कि आम नागरिकों को इस मार्ग पर आवागमन में हो रही कठिनाईयों को ध्यान में रखत हुए राजस्व मंत्री ने विगत 27 फरवरी को साकेत भवन में आयोजित सार्वजनिक उपक्रमों की बैठक में एस.ई.सी.एल.कोरबा की चारों खदानों के महाप्रबंधकों सहित बिलासपुर मुख्यालय के टेक्निकल डायरेक्टर श्री पॉल की उपस्थिति में राजस्व मंत्री ने इस सड़क का मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए कड़े शब्दों में निर्देशित किया था। इसी तारतम्य में एस.ई.सी.एल. प्रबंधन द्वारा दो करोड़ छिहत्तर लाख इकहत्तर हजार दो सौ अट्ठारह रूपये की निविदा जारी करते हुए 31 मई को निविदा खोलने की तिथि निर्धारित की गई थी। मंत्री श्री अग्रवाल द्वारा निर्देशित किए जाने के बाद से लगभग चार महीने का समय व्यतीत हो चुका है और सड़क की स्थिति पहले से भी बदतर हो चुकी है।
कुसमुण्डा, गेवरा, सुराकछार, बांकी, दीपका की ओर से कोरबा आने वालों को बरसात के समय कोई तकलीफ न हो एवं इमलीछापर सर्वमंगला सड़क पर आवागमन सुगम हो सके इसको ध्यान में रखते हुए राजस्व मंत्री ने उक्त सड़क मरम्मत कार्य को प्राथमिकता से लेते हुए कार्य आरंभ कराने हेतु निर्देशित किया था। सड़क का कराए जा रहे मरम्मत कार्य का औचक निरीक्षण करने के दौरान कार्य के संबंध में एस.ई.सी.एल. अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। आम नागरिकों की सुविधा और सड़क पर सुरक्षित आवागमन की दृष्टि से कोरबा क्षेत्र की सड़कों को बेहतर बनाने की दिशा में राजस्व मंत्री सतत् प्रयत्नशील हैं और उनके ही प्रयासों का परिणाम है कि कोरबा शहर और आस-पास की अधिकांश सड़कों का मरम्मत कार्य बहुत तेजी से पूरा कराया गया है। इमलीछापर से सर्वमंगला चौक तक की इस महत्वपूर्ण सड़क पर कोयला परिवहन के अलावा दिनभर आम नागरिकों का आवागमन बना रहता है जोकि सड़क की जर्जर स्थिति को देखते हुए किसी भी तरह से सुरक्षित नहीं कहा जा सकता। एस.ई.सी.एल. प्रबंधन को कड़े शब्दों में निर्देशित करते हुए राजस्व मंत्री सड़क मरम्मत कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

राजस्व मंत्री के साथ बैठक व सड़क का औचक निरीक्षण के दौरान कोरबा नगर पालिक निगम के महापौर राजकिशोर प्रसाद, सभापति श्यास सुंदर सोनी, कोरबा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष व एम.आई.सी सदस्य संतोया राठौर उपस्थित रहे जबकि एस.ई.सी.एल. प्रबंधन की ओर से कुसमण्डा खदान महाप्रबंधक आर.पी. सिंह, स्टॉफ ऑफीसर ई एण्ड एम ए.के. झा, सिविल विभाग प्रमुख विपुल कुमार राय, एरिया पर्सनल मैनेजर पी.के. जैन, महाप्रबंधक टेक्निकल श्री रमन्ना व अन्य उपस्थित रहे।
- Advertisement -

सब्सक्राइब करें नमस्ते कोरबा न्यूज़ YOUTUBE चैनल

5,440SubscribersSubscribe
- Advertisement -
Latest News

बालको के खेल अकादमी में फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

बालको के खेल अकादमी में फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन नमस्ते कोरबा : भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड...

More Articles Like This

- Advertisement -