घर के सामने खड़ी स्कॉर्पियो के पहिए खोल ले गए चोर,दूसरा खोलते वक्त पुलिस पहुंची तो भागे नकाबपोश
नमस्ते कोरबा :- शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब घर के सामने खड़े वाहन भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात दो नकाबपोश युवकों ने घर के सामने खड़ी स्कॉर्पियो को निशाना बनाया और जैक लगाकर उसका एक पहिया खोलकर ले गए। दूसरे पहिए की चोरी करने की कोशिश के दौरान पुलिस की गश्ती वाहन पहुंच गई जिसे देखकर दोनों आरोपी मौके पर जैक छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार इमली डुग्गू रोड निवासी अविनाश साहू ने अपनी स्कॉर्पियो घर के सामने खड़ी की थी। देर रात दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और सुनसान माहौल का फायदा उठाते हुए वाहन में जैक लगाकर पहिया खोलने लगे। आरोपी एक पहिया निकालकर अपने साथ ले जाने में सफल रहे। इसके बाद वे दूसरा पहिया खोलने की कोशिश कर रहे थे तभी अचानक जैक गिर गया और वाहन उसके नीचे फंस गया।
इसी बीच वहां से पुलिस की गश्ती गाड़ी गुजरती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही दोनों नकाबपोश युवक घबरा गए और दूसरा पहिया खोलने का प्रयास छोड़कर मौके से भाग निकले। उनके पीछे जैक मौके पर ही छूट गया।
गश्त कर रही पुलिस ने तत्काल वाहन मालिक अविनाश साहू को जगाकर घटना की जानकारी दी और सतर्क रहने की हिदायत दी। शहर के मुख्य मार्ग पर घर के सामने खड़े वाहन से पहिया चोरी होने की इस घटना ने वाहन मालिकों की चिंता बढ़ा दी है। सवाल यह भी है कि जब चोर सड़क किनारे खड़े वाहनों को निशाना बनाने लगे हैं तो रात में सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है?










