मानसून में हरियाली की चादर ओढ़े कोरबा के जंगल, बादलों की अठखेलियों ने बढ़ाई प्राकृतिक सुंदरता
नमस्ते कोरबा : लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने ऊर्जा नगरी कोरबा के जंगलों को नई जिंदगी दे दी है। जिले के लेमरू, केंदई, चैतमा, पसान, कटघोरा और बालको के वनांचल क्षेत्रों में चारों ओर हरियाली की चादर बिछ गई है। घने जंगलों के ऊपर तैरते बादल, पहाड़ियों से उठता कोहरा और रिमझिम फुहारें प्रकृति प्रेमियों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं
बारिश के बाद जंगलों में बहने वाले छोटे-छोटे झरने और नालों का जलस्तर बढ़ गया है। पहाड़ों से गिरते झरने, पेड़ों की पत्तियों पर ठहरी बारिश की बूंदें और बादलों की आवाजाही पूरे क्षेत्र को मनमोहक बना रही है। सुबह और शाम के समय जंगलों में छाया कोहरा किसी हिल स्टेशन जैसा दृश्य प्रस्तुत कर रहा है।

इन दिनों लेमरू क्षेत्र, सतरंगा, केंदई जलप्रपात, चैतमा और आसपास के वन क्षेत्र प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफरों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। हालांकि प्रशासन और वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे पर्यटन के दौरान जंगलों की स्वच्छता बनाए रखें, प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा वन्यजीवों और पर्यावरण को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचाएं।
Read more :- डिप्टी सीएम अरुण साव के सामने पूर्व मंत्री जयसिंह का सीधा सवाल,”ढाई साल की ढाई उपलब्धियां गिना दीजिए”









