श्रीकृष्ण की छटा से सजी शहर की दीवारें,रंग,रचना और रैंकिंग,कोरबा को नई पहचान देने में जुटा नगर निगम
नमस्ते कोरबा :- कोरबा शहर को सुंदर और आकर्षक बनाने की दिशा में नगर निगम के प्रयास लगातार रंग ला रहे हैं। सीएसईबी चौक से बुधवारी बाजार के मध्य नगर निगम द्वारा निर्मित बाउंड्री वॉल पर भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न मनोहारी रूपों को कुशल चित्रकारों द्वारा उकेरा गया है। श्रीकृष्ण की लीलाओं और स्वरूपों से सजी यह दीवारें राहगीरों को सहज ही अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं और पूरे क्षेत्र को एक अलग ही आध्यात्मिक व कलात्मक पहचान दे रही हैं।
वहीं दूसरी ओर चौक क्षेत्र में रंग-बिरंगी और आकर्षक सजावटी कलाकृतियों से माहौल और भी खूबसूरत हो गया है। इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ी है, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता और सार्वजनिक स्थलों के प्रति अपनत्व की भावना भी विकसित हो रही है।
नगर निगम आयुक्त के नेतृत्व में शहर सौंदर्य करण को लेकर लगातार योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को देखते हुए निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष कोरबा को स्वच्छता सर्वेक्षण में आठवां स्थान प्राप्त हुआ था, वहीं इस वर्ष नगर निगम की कोशिश है कि बेहतर तैयारी और नवाचार के जरिए रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार किया जाए।शहर की दीवारों पर उभरती कला, स्वच्छता पर जोर और सुनियोजित प्रयास यह संकेत दे रहे हैं कि कोरबा न केवल साफ-सुथरा बल्कि सुंदर और प्रेरणादायक शहर बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।
Read more :- देवपहरी : प्रकृति की गोद में पर्यटन, आस्था और जिम्मेदारी का अनूठा संगम,देखिए देवपहरी की खूबसूरती इस वीडियो में







