घंटाघर में 15 अक्टूबर से गूंजेगा जय श्रीराम का जयघोष, भव्य रामलीला की तैयारी अंतिम चरण में,महापौर ने गुनगुनाया हनुमान भजन
नमस्ते कोरबा :- शहर के घंटाघर ओपन थिएटर में 15 से 20 अक्टूबर तक भव्य रामलीला का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन के लिए विशाल डोम और भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। लगभग 5000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। धार्मिक आस्था, भव्य मंचन और आकर्षक आतिशबाजी से सजा यह आयोजन कोरबा के लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है।
महापौर संजू देवी राजपूत ने बताया कि रामलीला के मंचन के लिए बनारस और अयोध्या की रामलीला मंडलियां कोरबा पहुंचेंगी। दोनों स्थानों की पारंपरिक रामलीला की प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा से जुड़ी प्रसंगों को देखने का अवसर मिलेगा। आयोजन के दौरान भव्य रावण के पुतले का निर्माण भी कराया जा रहा है। आकर्षक आतिशबाजी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगी।
‘हनुमान अंश’ के कलाकार भी पहुंचेंगे कोरबा
इस रामलीला आयोजन में फिल्म हनुमान अंश में बाबा नीम करौली का किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्य भी कोरबा पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भी लोगों में उत्सुकता है। महापौर संजू देवी राजपूत ने फिल्म के चर्चित भक्ति गीत ‘मैं तेरे भरोसे ही हनुमान, सागर में नैया डाल दी’ को गुनगुनाते हुए हनुमान भक्ति के प्रति अपनी आस्था भी व्यक्त की।
परिवार के साथ शामिल होने की अपील
महापौर संजू देवी राजपूत ने कोरबा के नागरिकों से अपील की है कि वे इस धार्मिक आयोजन में अपने परिवार के साथ शामिल हों और भगवान श्रीराम की लीला का आनंद लें। आयोजन के दौरान विशिष्ट अतिथियों के आगमन की भी संभावना है। छह दिनों तक चलने वाली रामलीला के माध्यम से शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण निर्मित होगा।
5000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, बनारस-अयोध्या की मंडलियां करेंगी मंचन; आकर्षक आतिशबाजी और विशाल रावण का पुतला रहेगा खास आकर्षण
घंटाघर ओपन थिएटर में विशाल डोम, भव्य मंच, हजारों दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था और आकर्षक आतिशबाजी के साथ रामलीला को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है। अब शहरवासियों को 15 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस आयोजन का इंतजार है।
Read more :- 32 साल की परंपरा, शिवाजी नगर में गरबा का रंगारंग आगाज
महाराजा अग्रसेन जी की जयंती पर भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए जयसिंह अग्रवाल










