32 साल की परंपरा, शिवाजी नगर में गरबा का रंगारंग आगाज
नमस्ते कोरबा :- शारदीय नवरात्रि के पहले दिन शिवाजी नगर में गरबा और डांडिया की धूम देखने को मिली। आयोजन के 32वें वर्ष में माता आदिशक्ति का दरबार आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। दिल को छू लेने वाली साज-सज्जा ने पूरे परिसर को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया। शानदार साउंड सिस्टम पर गूंजते भक्ति गीतों के बीच डांडिया का शुभारंभ हुआ तो पूरा परिसर उत्साह और उमंग से भर उठा।
रंग-बिरंगे परिधानों में सजे युवक-युवतियां और बच्चे मां आदिशक्ति की भक्ति में झूमते नजर आए। पारंपरिक गरबा और डांडिया की थाप पर कदमताल करते प्रतिभागियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। आकर्षक रोशनी से सजा माता का दरबार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
शिवाजी नगर में लगातार 32 वर्षों से गरबा आयोजन की परंपरा नवरात्रि के प्रति लोगों की आस्था, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बन गई है। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन में भक्ति के साथ संस्कृति और परंपरा की खूबसूरत झलक देखने को मिली। मां आदिशक्ति की आराधना, गरबा की थाप और श्रद्धालुओं के उल्लास ने नवरात्रि के पहले दिन को यादगार बना दिया।
Read more:- महाराजा अग्रसेन जी की जयंती पर भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए जयसिंह अग्रवाल










