16 जून से खुलेंगे स्कूल पूरे छत्तीसगढ़ में होगा ‘प्रवेश उत्सव’ स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश, साफ-सफाई व मरम्मत पर विशेष जोर
नमस्ते कोरबा :- छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 16 जून से होने जा रही है। इस दिन प्रदेश के सभी शासकीय स्कूल खुलेंगे और विद्यार्थियों के स्वागत के लिए व्यापक स्तर पर ‘प्रवेश उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा।

स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और संयुक्त संचालकों (JD) को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। स्कूल शिक्षा सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रवेश उत्सव की तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि पहले ही दिन छात्रों का स्वागत उत्साहपूर्ण माहौल में किया जा सके।
विभाग ने स्कूल परिसरों की साफ-सफाई, भवनों की मरम्मत और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान देने को कहा है। साथ ही जरूरत के अनुसार रंग-रोगन और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नए सत्र के पहले दिन छात्रों को आकर्षित करने और नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से प्रवेश उत्सव को उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी की जा रही है। शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे न केवल स्कूलों में नामांकन बढ़ेगा, बल्कि बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह भी बढ़ेगा।









