कोरबा में बड़ा हादसा टला: ऑक्सीजन सिलेंडर में लीकेज से पैनल में धमाका,निजी अस्पताल में लगी आग
नमस्ते कोरबा :- शहर के निहारिका क्षेत्र में स्थित शिशु रोग विशेषज्ञ के निजी अस्पताल में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल में लगे ऑक्सीजन सिलेंडर के पैनल में लीकेज से अचानक आग भड़क उठी। घटना के समय अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई।
निहारिका स्थित शिशु अस्पताल में मची अफरा-तफरी, 19 नवजात सुरक्षित; कर्मचारियों की तत्परता से बची बड़ी अनहोनी
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए अस्पताल के प्रशिक्षित कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग पर काबू पा लिया। कर्मचारियों की तत्परता के चलते आग फैलने से पहले ही नियंत्रित हो गई, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय अस्पताल में 19 नवजात शिशु भर्ती थे। किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन इस घटना ने अस्पताल में मौजूद परिजनों को झकझोर कर रख दिया।
इस घटना ने एक बार फिर निजी अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी निगरानी की पोल खोल दी है। ऑक्सीजन जैसे संवेदनशील उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव को लेकर अब प्रशासन की भूमिका भी अहम हो गई है।
Read more :- शहर के विकास कार्यों की होगी विस्तृत समीक्षा, सोमवार को कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन लेंगे वार्डवार बैठक










