मदनपुर घाट जाम : पुलिस ने उठाया कानूनी कदम,NHAI की लापरवाही पर कोर्ट में परिवाद दायर किया
नमस्ते कोरबा। मदनपुर घाट में नेशनल हाईवे-130 पर ट्रेलरों की दुर्घटना के बाद लगे जाम से यात्रियों को हुई परेशानी के मामले में पुलिस ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के खिलाफ कानूनी कदम उठाया है। पुलिस के अनुसार, सूचना के बावजूद समय पर सहायता नहीं मिलने पर कटघोरा न्यायालय में धारा 222(ए) BNS के तहत परिवाद दायर किया गया है।
घटना 12 अक्टूबर की सुबह करीब 2:30 बजे बांगो थाना क्षेत्र के मदनपुर घाट की है। तारा घाटी से कटघोरा की ओर आ रहा ट्रेलर क्रमांक CG10BS5980 खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर जा रहे दूसरे ट्रेलर क्रमांक CG10BS9436 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए खड़े ट्रेलर को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया।
जाम में बसों के यात्री, एंबुलेंस से उपचार के लिए जा रहे मरीज तथा ट्रेन और हवाई यात्रा के लिए निकले लोगों सहित महिलाएं और बच्चे घंटों फंसे रहे। पुलिस के मुताबिक, थाना बांगो, चौकी मोरगा, हाईवे पेट्रोलिंग और डायल 112 की टीम जाम खुलवाने में जुटी रही। NHAI अधिकारियों को भी फोन से सूचना दी गई, लेकिन समय पर प्रभावी सहायता नहीं मिलने का आरोप है।
पुलिस ने इसे लोक सेवक के कर्तव्य निर्वहन में सहायता नहीं करने का मामला मानते हुए न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी कर्तव्य निर्वहन में सहयोग नहीं करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










