रजत जयंती वर्ष में कोरबा पुलिस का महिला सुरक्षा अभियान, कटघोरा में जनजागरूकता कार्यक्रम
नमस्ते कोरबा :- महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया गया है। पुलिस विभाग के ‘रजत जयंती वर्ष 2025-26’ के तहत यह अभियान 1 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक शहरी, ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में चरणबद्ध रूप से संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों, बाल विवाह निषेध कानून सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर जागरूक कर आत्मनिर्भर बनाना है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में कटघोरा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 2, तहसीलभाटा में महिला सुरक्षा जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में कटघोरा पुलिस ने बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं को संबोधित किया। इस दौरान समाज निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया गया और बाल विवाह जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए सभी महिलाओं को शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या अपराध की जानकारी बिना भय के पुलिस तक पहुंचाएं। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सुरक्षा को लेकर सामूहिक सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया गया।
कोरबा पुलिस का यह अभियान महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे जिले में सुरक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता और मजबूत होगी।
Read more :- श्रीकृष्ण की छटा से सजी शहर की दीवारें,रंग,रचना और रैंकिंग,कोरबा को नई पहचान देने में जुटा नगर निगम









