कोरबा के निहारिका क्षेत्र में हुई ज्वेलरी चोरी का खुलासा,अंतर्राज्यीय गिरोह धराया,ग्राहक बनकर आती थीं महिलाएं,ध्यान भटकाकर उड़ाते थे लाखों के गहने
नमस्ते कोरबा :- शहर में ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के मामले में कोरबा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 18 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा कर अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरोह में तीन महिलाएं शामिल हैं, जो ग्राहक बनकर दुकानों में प्रवेश कर वारदात को अंजाम देती थीं।
मामला सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र के एमपीटी नगर स्थित “दिव्या ज्वेलर्स” का है। प्रार्थी अखिल कुमार देवांगन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12:15 बजे तीन महिलाएं दुकान में गहने देखने के बहाने आईं और मौका पाकर सोने के आभूषण चोरी कर फरार हो गईं।
सीसीटीवी और तकनीक से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। शहरभर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर सूचना जुटाई गई। जिला ऑटो संघ के सहयोग से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें उड़ीसा के संबलपुर से धर दबोचा गया।
पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने नासिर मोल्ला, सजना बीबी, मिथुन चक्रवर्ती, तापसी दास और गुलापी दास को गिरफ्तार किया है।
साढ़े चार लाख के जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए दो सोने की चेन और एक लॉकेट सहित करीब 4.50 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई XUV300 कार को भी जब्त किया गया है।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था। महिलाएं ग्राहक बनकर दुकानों में जातीं, गहने देखने के दौरान दुकानदार का ध्यान भटकातीं, जबकि उनके साथी चोरी को अंजाम देकर फरार हो जाते। वारदात के तुरंत बाद आरोपी शहर और राज्य बदल देते थे।
कई राज्यों में फैला नेटवर्क
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह पश्चिम बंगाल के राणाघाट, मालदा और सिलीगुड़ी समेत अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की वारदातें कर चुका है। छत्तीसगढ़ के बड़े शहर भी इनके निशाने पर थे।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Read more :- *कोरबा में स्वास्थ्य सेवाओं को मिला नया विस्तार: शिवाय हॉस्पिटल का CSEB से करार, 2D ECHO सुविधा शुरू*
निहारिका के पॉश इलाके में ज्वेलरी शॉप पर हाथ साफ, 3 महिलाओं ने 4.5 लाख के गहने उड़ाए










