शिवाजी नगर गरबा पंडाल में उमड़ी भीड़, वरिष्ठजनों का माता की चुनरी और श्रीफल से सम्मान
नमस्ते कोरबा :- शिवाजी नगर में डांडिया गरबा उत्सव समिति द्वारा आयोजित गरबा महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। गरबा पंडाल में श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ी जहां छोटे बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक सभी माता की भक्ति में झूमते नजर आए।
आयोजन के दौरान कॉलोनी के वरिष्ठजनों का माता की चुनरी और श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। सम्मान पाकर वरिष्ठजन अभिभूत हुए और समिति की इस पहल की सराहना की। आयोजन में नई पीढ़ी के उत्साह के साथ वरिष्ठजनों का आशीर्वाद भी देखने को मिला, जिसने उत्सव को खास बना दिया।
नवरात्रि में दिखा भक्ति, परंपरा और पीढ़ियों के संगम का अद्भुत नजारा
समिति द्वारा प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग भोग वितरण की व्यवस्था की जा रही है। वहीं आयोजन को व्यवस्थित और अनुशासित बनाए रखने के लिए शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गरबा कार्यक्रम का समापन किया जा रहा है।
समिति ने गरबा करने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए आयोजन में सहभागी बनें। गरबा उत्सव प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से शुरू होता है। भक्ति, उल्लास और सामाजिक सद्भाव के साथ शिवाजी नगर का गरबा महोत्सव नवरात्रि की रौनक बढ़ा रहा है।










