बाकी मोंगरा में आधी रात कोबरा का रेस्क्यू, 11 घंटे दहशत में रहा पूरा परिवार
नमस्ते कोरबा :- बाकीमोंगरा क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कोठी में ज़हरीला कोबरा सांप निकलने से पूरा परिवार करीब 11 घंटे तक भय और दहशत के साए में रहा। जानकारी के अनुसार पटेल परिवार के घर में रखे धान के बोरे के बीच कोबरा सांप छुपकर बैठा हुआ था, जिससे घर के सदस्य किसी भी समय अनहोनी की आशंका से सहमे रहे।
परिवार द्वारा सांप को बाहर निकालने के कई प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद 112 में सूचना दी गई, पर सांप घर के किसी कोने में ओझल हो गया। रात के समय जब परिवार ने दोबारा उसी कमरे में सांप को देखा तो डर का माहौल और बढ़ गया।
अंततः रात करीब 10:30 बजे प्रसिद्ध वाइल्डलाइफ रेस्क्युअर जितेंद्र सारथी को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वे कोरबा से बाकी मोंगरा पहुंचे। जिस स्थान पर कोबरा छुपा हुआ था, वहां रखे सामान को हटाया गया। इस दौरान कोबरा अत्यंत उग्र अवस्था में था, जिससे ज़रा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती थी।
जितेंद्र सारथी ने वन्यजीव रेस्क्यू प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करते हुए, अत्यंत साहस, सूझबूझ और कुशलता के साथ कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे थैले में बंद किया। रेस्क्यू के बाद पूरे परिवार ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू के बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस सफल अभियान ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि प्रशिक्षित वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम की भूमिका आपात परिस्थितियों में कितनी महत्वपूर्ण होती है।
इस मौके पर जितेंद्र सारथी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “घर में सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं, हिम्मत से काम लें और तुरंत रेस्क्यू टीम के हेल्पलाइन नंबर 8817534455 पर सूचना दें।”
Read more :- अपना घर सेवा आश्रम बना सहारा: दार्जिलिंग से भटके युवक को कोरबा में मिलाया परिवार से








