दीपका में KCC कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर पर लात-घूंसे, गमला फेंका; CCTV के आधार पर अपराध दर्ज
नमस्ते कोरबा :- SECL दीपका खदान क्षेत्र में कार्यरत कलिंगा कॉरपोरेशन (KCC) कंपनी के साइट ऑफिस में सोमवार को छुट्टी को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर एवं जीएम महेश कुमार पर नियोजित कर्मचारियों द्वारा लात-घूंसे बरसाए जाने की घटना सामने आई है। हालात बिगड़ते देख दीपका पुलिस और सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
जानकारी के अनुसार KCC कंपनी को दीपका माइंस में ओबी खनन का ठेका मिला है और संचालन के लिए साइट ऑफिस आवंटित किया गया है। इसी कार्यालय में मजदूरों की छुट्टी को लेकर प्रोजेक्ट मैनेजर महेश कुमार और कर्मचारियों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि कर्मचारियों ने प्रोजेक्ट मैनेजर पर हमला कर दिया और उन पर मिट्टी का गमला भी फेंका। घटना के दौरान कार्यालय की खिड़की टूटने की भी सूचना है।
घटना के बाद प्रोजेक्ट मैनेजर महेश कुमार की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दीपका पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। KCC कंपनी के एल एंड आर हेड (जीएम) विकास दुबे ने बताया कि छुट्टी के मुद्दे पर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ लोगों द्वारा अनावश्यक रूप से बढ़ा दिया गया, जिससे यह अप्रिय घटना हुई।
वहीं मजदूरों का कहना है कि सोमवार को दीपका में छत्तीसगढ़ी संस्कृति कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें शामिल होने के लिए कुछ कर्मचारियों ने छुट्टी ली थी। कार्यक्रम से लौटने के बाद उनकी हाजिरी काट दी गई, जिससे वे आक्रोशित हो गए। मजदूरों ने प्रोजेक्ट मैनेजर के व्यवहार को भी विवाद की वजह बताया है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की जांच जारी है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
Read more :- अग्नि हादसे पर जयसिंह अग्रवाल का बड़ा बयान,शॉर्ट सर्किट की आशंका,निगम और बिजली विभाग की भूमिका पर उठाए सवाल









