रक्षाबंधन एवं तीज महोत्सव में उमड़ा मातृशक्ति का सैलाब,जयसिंह अग्रवाल के आयोजन में हजारों महिलाओं ने मनाया पर्व, गीत-संगीत, नृत्य, खेल एवं झूलों का लिया आनंद
नमस्ते कोरबा । रक्षाबंधन एवं तीज पर्व के अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा डीडीएम रोड स्थित श्रीराम दरबार मंदिर के समीप आयोजित भव्य रक्षाबंधन एवं तीज महोत्सव में मंगलवार को हजारों महिलाओं की उपस्थिति ने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय बना दिया।
श्रीराम दरबार मैदान में महिलाओं का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा परिसर खचाखच भर गया। कार्यक्रम में महिलाओं के मनोरंजन के लिए गीत-संगीत, नृत्य, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं झूलों की व्यवस्था की गई थी। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल एवं पूर्व महापौर श्रीमती रेणु अग्रवाल मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. चरणदास महंत एवं जयसिंह अग्रवाल ने महिलाओं के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने दोनों को राखी बांधी और स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया। इसके बदले महिलाओं को साड़ी भेंट की गई। डॉ. महंत के पुत्र सूरज महंत भी कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने भी महिलाओं को साड़ियां वितरित कीं। हजारों महिलाओं ने राखी बांधकर उन्हें अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया।
डॉ. महंत ने की आयोजन की सराहना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सभी महिलाओं को तीजा एवं रक्षाबंधन पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महिलाओं के लिए किया गया है, इसलिए वे यहां आई हैं तो पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम का आनंद लें।
डॉ. महंत ने जयसिंह अग्रवाल द्वारा की गई व्यापक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि जयसिंह अग्रवाल ने यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि आपके संरक्षक, भाई और बेटे की तरह अपनी जिम्मेदारी समझकर किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महिलाओं का जो प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद जयसिंह अग्रवाल को पहले मिलता रहा है, वह आगे भी इसी तरह बना रहेगा।
जयसिंह ने किया आत्मीय स्वागत
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने डॉ. चरणदास महंत, सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, श्रीमती रेणु अग्रवाल सहित सभी अतिथियों एवं कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं का स्वागत किया। उन्होंने रक्षाबंधन एवं तीज पर्व की सभी महिलाओं को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि इन पर्वों में प्रेम, स्नेह, आत्मीयता और पारिवारिक जुड़ाव की भावना निहित है। महिलाओं के साथ इन खुशियों को साझा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कार्यक्रम में हजारों की संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी महिलाओं का आभार व्यक्त किया।
गीत-संगीत और झूलों ने बांधा समां
तीज पर्व की परंपरा को ध्यान में रखते हुए महिलाओं के लिए विशेष रूप से झूलों की व्यवस्था की गई थी, जिसका महिलाओं ने जमकर आनंद उठाया। गीत-संगीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। विभिन्न मनोरंजक खेलों में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों के लिए जलपान की समुचित व्यवस्था भी की गई थी, जिसका सभी ने भरपूर आनंद उठाया।
व्यवस्था संभालने में जुटे स्वयंसेवक एवं पुलिसकर्मी
कार्यक्रम में महिलाओं की भारी भीड़ को देखते हुए लगभग 100 स्वयंसेवक एवं पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालने में लगातार जुटे रहे। साड़ी वितरण, रक्षाबंधन, प्रवेश, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों एवं पुलिसकर्मियों ने काफी मेहनत की।

गौरतलब है कि कोरबा में रक्षाबंधन पर्व को इतने बड़े स्तर पर और पूरी भव्यता के साथ महिलाओं के बीच मनाने की पहचान जयसिंह अग्रवाल के आयोजनों से जुड़ी रही है। इस वर्ष भी हजारों महिलाओं की सहभागिता ने आयोजन की व्यापकता और लोकप्रियता को प्रदर्शित किया।
श्रीराम दरबार मैदान में देर तक रक्षाबंधन की आत्मीयता और तीज की उमंग का वातावरण बना रहा। महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ पर्व मनाया और आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की।
Read more :- श्रीराम दरबार में तीजा-रक्षाबंधन का रंग, हजारों बहनों संग पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने मनाया पर्व,









