नमस्ते कोरबा :-: आयुक्त कुलदीप शर्मा ने निगम के अधिकारियों की टीम के साथ शहर के विभिन्न वार्डो, स्थलों का दौरा किया। उन्होने निगम द्वारा पूर्ण किए गए विकास कार्यो की गुणवत्ता का परीक्षण करने के साथ ही प्रगतिरत व प्रस्तावित विकास कार्यो का अवलोकन किया। नगर की साफ-सफाई व यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए साफ-सफाई कार्यो के बेहतर संपादन तथा सड़कों के किनारे लगी अस्थाई दुकानों की शिफ्टिंग कर यातायात व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
सड़क किनारे लगी अस्थाई दुकानों की शिफ्टिंग कराएं- घंटाघर से महाराणा प्रताप चौक एवं नेहरूनगर तिलक मार्ग सहित अन्य मार्गो पर सड़कों के किनारे अस्थाई दुकानें लगी दी गई है, जिससे उक्त मार्गों पर यातायात बाधित होता है, आवागमन में असुविधा पैदा होती है तथा इससे आमनागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करने के साथ ही दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। भ्रमण के दौरान आयुक्त कुलदीप शर्मा ने सड़कों के किनारे लगई गई अस्थाई दुकानों की शिफ्टिंग उचित स्थलों पर किए जाने तथा यातायात व्यवस्था कर आवागमन में होने वाले अवरोधों को तत्काल दूर किए जाने के निर्देश संपदा अधिकारी व अतिक्रमण प्रभारी को दिए।
अधिकारी कर्मचारी अनिवार्य रूप से मास्क लगाएं, लोगो को भी जागरूक करें –आयुक्त कुलदीप शर्मा ने अधिकारी कर्मचारियें द्वारा मास्क न लगाए जाने को गंभीरता लेते हुए नाराजगी जाहिर की। उन्होने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सभी अधिकारी कर्मचारी सार्वजनिक स्थानों, कार्य स्थलों में अनिवार्य रूप से मास्क लगाएं तथा यह अंतिम रूप से सुनिश्चित करें कि उनके अधिनस्थ सभी कर्मचारी मास्क लगाकर ही सार्वजनिक स्थलों, कार्य स्थलों पर पहुंचे। आयुक्त शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि चूॅंकि कोरोना का संक्रमण पुनः प्रसार की ओर है, अतः वे मास्क लगाने के प्रति आमजन को भी सतत रूप से जागरूक करें तथा मुनादी आदि के माध्यम से लोगों को मास्क के प्रति जागरूक करें, इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, दुकानों आदि में सोशल डिस्टेंसिंग का अनिवार्य रूप से पालन कराएं।
भ्रमण के दौरान अधीक्षण अभियंता एम.के.वर्मा, जोन कमिश्नर आर.के.चौबे, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, सुनील वर्मा, संपदा अधिकारी श्रीधर बनाफर, सहायक अभियंता एन.के.नाथ, राजस्व अधिकारा अनिरूद्ध सिंह, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।









