चक्रवात की मार से बर्बाद हुई फसल,किसान ने वीडियो में बयां किया दर्द,वीडियो हुआ सोशल मीडिया में वायरल
नमस्ते कोरबा :- कोरकोमा गांव के किसान मेलाराम की साढ़े तीन एकड़ में लगी धान की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। उनके मुताबिक चक्रवाती तूफान के कारण फसल जमीदोज हो गई। पानी में भीगने के कारण बालियां अंकुरित हो गई। दावा है कि करीब 40 से 50 फीसदी फसल खराब हो गई है। मेलाराम का कहना है कि अब धान खराब हो गया ऐसे में बिक्री भी नहीं होगी। इस घटना से किसान का दर्द छलक गया। आहत मेलाराम ने खुद वीडियो बनाकर गुस्सा जाहिर किया उन्होंने कहा कि किसानों का दर्द कोई नहीं समझ सकता। किसान कर्मचारी नहीं हैं कि 5 दिन छुट्टी मार कर घर में आराम फरमाते हैं। किसान का ये वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है।
दरअसल धान की फसल तैयार होने के समय मौसम की मार ने किसान की पूरी गणित बिगाड़ दी। खाद, बीज, दवा और मजदूरी पर खर्च करने के बाद जिस उपज से परिवार के भरण-पोषण की उम्मीद थी, वह अब खेत में ही खराब हो रही है। किसान के सामने आर्थिक नुकसान की भरपाई की चिंता खड़ी हो गई है।
मेलाराम का यह वीडियो केवल एक किसान की व्यथा नहीं, बल्कि कोरबा जिले के उन किसानों की पीड़ा को सामने लाता है, जो मौसम की मार से अपनी तैयार फसल गंवा रहे हैं। अब प्रभावित किसानों को फसल नुकसान के सर्वे और उचित मुआवजे का इंतजार है। जरूरत है कि खेतों में हुए वास्तविक नुकसान का आकलन कर किसानों को समय पर राहत पहुंचाई जाए।










