परसाभाठा मुख्य मार्ग फोरलेन के नाम पर घर-दुकान तोड़ने का विरोध, घर-दुकान बचाने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से लगाई गुहार
नमस्ते कोरबा :- परसाभाठा मुख्य मार्ग के प्रस्तावित फोरलेन चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय रहवासियों एवं व्यवसायियों ने अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए वार्ड पार्षद बद्रीकिरण के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में प्रभावित परिवारों के स्त्री-पुरुष पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निवास पहुँच कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे सड़क के विकास अथवा यातायात व्यवस्था में सुधार के विरोधी नहीं हैं, लेकिन सड़क चौड़ीकरण के नाम पर वर्षों से बसे उनके मकानों एवं आजीविका का आधार बनी दुकानों को तोड़कर उन्हें बेघर और बेरोजगार करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे नागरिकों ने बताया कि परसाभाठा मुख्य मार्ग के दोनों ओर अनेक परिवार पिछले 50-60 वर्षों से निवासरत हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे छोटे व्यवसायियों की है, जिनकी आजीविका वर्षों से इन्हीं दुकानों पर निर्भर है। ऐसे में प्रस्तावित फोरलेन निर्माण के कारण उनके सामने आवास और रोजगार दोनों छिन जाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्तमान में परसाभाठा मुख्य मार्ग की चौड़ाई लगभग 15 मीटर है। बजरंग चौक से रिस्दी रोड स्थित टाटा मोटर्स तक के मार्ग का समुचित रखरखाव, आवश्यक मरम्मत, यातायात प्रबंधन एवं उपलब्ध सड़क का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करके भी यातायात व्यवस्था को काफी हद तक सुगम बनाया जा सकता है। इसके लिए वर्षों से बसे परिवारों के मकानों एवं दुकानों को तोड़ना कोई अनिवार्य अथवा एकमात्र विकल्प नहीं हो सकता।
नागरिकों ने इस बात पर भी गहरी नाराजगी जताई कि सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई के तहत मकानों एवं दुकानों को प्रभावित कर मुआवजा देने की बात समस्या का समाधान नहीं है। उनका स्पष्ट कहना है कि उन्हें अपने पुश्तैनी आवास और वर्षों की मेहनत से खड़े किए गए व्यवसायों के बदले मुआवजा नहीं, बल्कि अपने घरों और दुकानों को सुरक्षित रखने का अधिकार चाहिए। कोई भी आर्थिक मुआवजा उनके वर्षों पुराने सामाजिक, पारिवारिक और व्यावसायिक जीवन की भरपाई नहीं कर सकता।
ज्ञापन में बालको प्रबंधन द्वारा वर्ष 2012-13 में बंद किए गए परसाभाठा से अमर सिंह होटल तक के पुराने सार्वजनिक मार्ग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। नागरिकों का मानना है कि उक्त मार्ग को पुनः आम जनता के लिए खोलने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाए, ताकि वर्तमान मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने के लिए एक वैकल्पिक व्यवस्था विकसित की जा सके।
श्री जयसिंह अग्रवाल को ज्ञापन सौंपते हुए स्थानीय नागरिकों ने आग्रह किया कि वे इस जनहित के मुद्दे को शासन एवं जिला प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएं और प्रभावित परिवारों के आवास एवं रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने में पहल करें।
इस पर स्थानीय नागरिकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए श्री जयसिंह अग्रवाल ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उन्हें आशवसत किया कि उनके हितों की रक्षा के लिए वे उनके साथ खड़े हैं।
नागरिकों ने शासन एवं प्रशासन से मांग की है कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ अथवा विस्थापन की कार्रवाई करने के बजाय पहले स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित किया जाए और सड़क की वर्तमान चौड़ाई एवं उपलब्ध वैकल्पिक व्यवस्थाओं का तकनीकी परीक्षण कराया जाए।
स्थानीय रहवासियों का दो टूक संदेश है कि उन्हें विकास चाहिए, लेकिन अपने घर और रोजगार की कीमत पर नहीं। सड़क बेहतर बनाइए, यातायात सुगम कीजिए, लेकिन वर्षों से बसे परिवारों को उजाड़कर विकास की परिभाषा तय मत कीजिए।










