जहां आस्था के साथ धड़कती है सेवा की भावना, 800 गोवंश का आश्रय बना कनबेरी का श्री अग्रसेन गोधाम
गोपाष्टमी पर सजेगा छत्तीसगढ़ का एकमात्र गौ गोपाल मंदिर, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित जनप्रतिनिधि और सर्व समाज के लोग होंगे शामिल
नमस्ते कोरबा। भारतीय संस्कृति में गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि ममता, करुणा, समृद्धि और जीवन के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक है। सनातन परंपरा में गौ माता का स्थान इसी भाव के कारण सर्वोपरि माना गया है। गाय की आंखों में झलकती निश्छलता उसके आंचल में पलती ममता और मानव जीवन में उसके योगदान ने उसे सदियों से भारतीय जनमानस की आस्था से जोड़े रखा है। यही वजह है कि गौसेवा को पूजा से भी बढ़कर एक पुण्य और मानवीय दायित्व माना गया है। कार्तिक मास में मनाया जाने वाला गोपाष्टमी पर्व इसी भावना को आत्मसात करने और गौवंश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का अवसर है।
भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़ा यह पर्व हमें उस प्रसंग की याद दिलाता है जब नन्हे कन्हैया ने बछड़ों की देखभाल से आगे बढ़कर गायों को चराने का दायित्व संभाला था। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार गोपाष्टमी के दिन ही उन्हें पहली बार गौचारण की जिम्मेदारी मिली थी। गायों के बीच बीता उनका बाल्यकाल केवल एक धार्मिक कथा नहीं बल्कि प्रकृति, जीव-जंतुओं और समस्त प्राणियों के प्रति प्रेम और संवेदना का संदेश भी है। भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी लीलाओं के माध्यम से यह बताया कि सच्ची भक्ति केवल मंदिरों में आराधना करने से नहीं बल्कि बेजुबानों के प्रति प्रेम, सेवा और संरक्षण के भाव से भी प्रकट होती है।

इसी भावना को धरातल पर साकार करने की एक प्रेरक तस्वीर कोरबा जिले के ग्राम कनबेरी स्थित श्री अग्रसेन गोधाम में देखने को मिलती है। यहां लगभग 800 गोवंश को आश्रय देकर उनकी सेवा और संरक्षण किया जा रहा है। जिन बेजुबानों के पास अपनी पीड़ा कहने के लिए शब्द नहीं हैं, उनके लिए यह गोधाम सुरक्षित आश्रय और जीवन का सहारा बना हुआ है। सर्व समाज के सहयोग से संचालित यह सेवा कार्य बताता है कि जब आस्था के साथ संवेदना और सामूहिक जिम्मेदारी जुड़ती है, तो सेवा का एक बड़ा संकल्प आकार लेता है।
गोपाष्टमी के अवसर पर श्री अग्रसेन गोधाम में एक बार फिर श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बनने जा रहा है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पर्व को भव्यता के साथ मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परिसर में स्थित छत्तीसगढ़ के एकमात्र गौ गोपाल मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। गौ माता और बछड़ों की पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल होंगे। साथ ही कोरबा विधायक एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और सर्व समाज के लोग उपस्थित रहेंगे।

गोपाष्टमी का वास्तविक संदेश केवल एक दिन गौ माता की पूजा करने तक सीमित नहीं है। यह पर्व हमें याद दिलाता है कि जिन बेजुबानों को हम माता का दर्जा देते हैं उनके प्रति हमारी जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी होनी चाहिए। उनके लिए चारा, पानी, आश्रय और सुरक्षित जीवन सुनिश्चित करना ही गौसेवा का वास्तविक स्वरूप है। कनबेरी का श्री अग्रसेन गोधाम इसी सोच का उदाहरण बनकर सामने आया है जहां 800 गोवंश की सेवा के साथ समाज को करुणा, सहयोग और जीवमात्र के प्रति प्रेम का संदेश दिया जा रहा है।
Read more :- उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने की लोकमंगल एवं जनकल्याण की कामना










