जयसिंह अग्रवाल की मौजूदगी में कांग्रेस ने बनाई रणनीति, 11 से 15 नवंबर तक जिले में होगी ‘जनचौपाल’
नमस्ते कोरबा : ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जिले में व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत 11 से 15 नवंबर तक कोरबा जिले के विभिन्न ब्लॉक एवं मंडल क्षेत्रों में मंडल स्तरीय ‘जनचौपाल संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में मतदाता सूची की पारदर्शिता, मताधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर आम नागरिकों से सीधा संवाद किया जाएगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के निर्देश पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल की मौजूदगी में अपने निवास कार्यालय में ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय कर पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनचौपाल संवाद में AICC पर्यवेक्षक नवजोत पटनायक और कोरबा जिले के प्रभारी पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल भी शामिल होंगे। कांग्रेस का लक्ष्य अभियान के जरिए मतदाताओं को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और इसे जनस्तर तक पहुंचाना है।
बैठक में दर्री ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, बालकोनगर ब्लॉक अध्यक्ष एडी जोशी, कोरबा ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, रोपा तिर्की, जवाहर निर्मलकर, इकबाल कुरैशी, पार्षद सुखसागर निर्मलकर, रवि सिंह चंदेल, पूर्व पार्षद रामगोपाल यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










