किराना दुकान जाने निकली 7 साल की भव्या की हत्या से कोरबा स्तब्ध, आरोपी गिरफ्तार; आज होगा खुलासा
नमस्ते कोरबा – जिले के रजगामार इलाके में सात वर्षीय मासूम भव्या जोशी की हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जिस बच्ची के सुरक्षित लौटने की उम्मीद में परिवार और पुलिस तीन दिनों तक उसकी तलाश में जुटे रहे चौथे दिन उसकी मौत की खबर ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। करीम पोल्ट्री फार्म के पास जंगल में नाले के किनारे बच्ची का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस शुक्रवार को पूरे घटनाक्रम का खुलासा करेगी।
जानकारी के मुताबिक भव्या 19 अक्टूबर को अपने पिता प्रकाश जोशी को बताकर पास की किराना दुकान से कुछ सामान लेने निकली थी। लेकिन वह वापस नहीं लौटी। काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ी और उसकी तलाश शुरू की गई। मासूम के अचानक लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस ने बच्ची की खोजबीन शुरू की।
तीन दिनों तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की बेचैनी बढ़ती गई। हर गुजरते घंटे के साथ उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद बनी हुई थी लेकिन चौथे दिन जंगल में उसका शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस मासूम को परिवार घर लौटने की राह देख रहा था वह कभी वापस न आने वाली दुनिया में जा चुकी थी।
बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध तक पहुंचने की कोशिश की। आखिरकार मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस जघन्य वारदात के पीछे की परिस्थितियों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
इस घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक मासूम बच्ची का इस तरह दुनिया से चले जाना कई सवाल छोड़ गया है। परिवार की उम्मीदें टूट गईं और क्षेत्र में शोक का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस के आधिकारिक खुलासे पर टिकी हैं, जिसमें हत्या की वजह, वारदात का घटनाक्रम और आरोपी से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।










