महाराजा अग्रसेन जी की जयंती पर भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए जयसिंह अग्रवाल
नमस्ते कोरबा। महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती के पावन अवसर पर टी.पी. नगर, कोरबा से श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल शोभायात्रा में शामिल हुए तथा महाराजा श्री अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना कर समस्त समाजजनों को जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
• “महाराजा अग्रसेन जी का संदेश आज भी समाज को सेवा, समरसता और सहयोग की राह दिखाता है”
इस अवसर पर जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का जीवन केवल एक समाज के लिए नहीं, बल्कि सम्पूर्ण समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सेवा, परस्पर सहयोग, समानता, सामाजिक समरसता और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता को जीवन का आधार बनाया। आज जब समाज तेजी से बदल रहा है, तब महाराजा अग्रसेन जी के विचार हमें यह संदेश देते हैं कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब विकास के साथ मानवीय संवेदना और एक-दूसरे के प्रति सहयोग की भावना भी मजबूत हो।

उन्होंने कहा कि हमें अपने महापुरुषों की जयंती केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने आचरण में उतारने के संकल्प के रूप में मनानी चाहिए। समाज में शिक्षा, सेवा, सद्भाव और जरूरतमंदों के सहयोग की भावना को मजबूत करना ही महाराजा अग्रसेन जी के प्रति सच्ची श्रद्धा होगी।
भव्य शोभायात्रा में समाज के लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। आयोजन की भव्यता और सफल संचालन के लिए जयसिंह अग्रवाल ने आयोजन समिति के सभी सदस्यों एवं सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं तथा समाज की एकजुटता और सक्रिय सहभागिता की सराहना की।
उन्होंने सभी से आह्वान किया कि समाज की समृद्ध परंपराओं और संस्कारों को आगे बढ़ाते हुए सेवा, शिक्षा, सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन का हिस्सा बनाएं। यही महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को सच्चे अर्थों में आगे बढ़ाने का मार्ग है।










