घर के बाहर गाड़ी खड़ी करते हैं? सावधान! एक हफ्ते में दो वाहन चोरी,सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
नमस्ते कोरबा: शहर के रिहायशी इलाकों में घर के बाहर खड़े वाहन भी अब सुरक्षित नहीं रह गए हैं। चोरों के बढ़ते हौसले का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर फेज-1 के ईडब्ल्यूएस क्षेत्र में महज एक सप्ताह के भीतर दो गाड़ियों की चोरी हो गई। चोरी की घटनाओं के बाद क्षेत्र के लोगों में चिंता और नाराजगी है। वहीं सीसीटीवी फुटेज में युवक घर के बाहर खड़ी गाड़ी को आसानी से ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
वाहन चोरी की घटनाओं की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई है। इसके बावजूद क्षेत्र में लगातार हो रही वारदातों ने लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के बीच पुलिस की रात्रिकालीन गश्त को लेकर भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि रिहायशी इलाकों में नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए, तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।
नवरात्रि पर्व शुरू होने वाला है। इस दौरान शहर में धार्मिक आयोजनों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे समय में वाहन चोरी की घटनाएं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के लिए चुनौती हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से रिहायशी इलाकों में गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और चोरी गए वाहनों की बरामदगी के लिए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल घर के बाहर वाहन खड़ा करने वाले लोगों के लिए भी यह घटना सतर्क रहने का संकेत है। वहीं, पुलिस के सामने इन घटनाओं का खुलासा कर क्षेत्रवासियों में सुरक्षा का भरोसा बहाल करने की चुनौती है।












