मिनीमाता कॉलेज के पहले नाले के ऊपर लंबी-गहरी दरारें, कभी भी धंस सकता है सड़क का हिस्सा; बाउंड्रीवॉल भी जर्जर
नमस्ते कोरबा :- शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल घंटाघर से बुधवारी जाने वाली सड़क इन दिनों बड़े हादसे की आशंका से घिरी है। मिनीमाता कॉलेज के पहले मोड़ के पास नाले के ऊपर सड़क पर लंबी और गहरी दरारें पड़ गई हैं। दरारें सड़क के किनारे से मुख्य हिस्से तक पहुंच गई हैं। हालात देखकर आशंका है कि बारिश और लगातार वाहनों के दबाव के बीच सड़क का हिस्सा कभी भी धंस सकता है।
मौके की तस्वीरें सड़क की बदहाल स्थिति की गंभीरता बयां कर रही हैं। नाले के किनारे बनी बाउंड्रीवॉल भी कमजोर नजर आ रही है। यदि सड़क का हिस्सा अचानक धंसता है तो यहां से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन इसकी चपेट में आ सकते हैं। खासकर रात के समय यह स्थान और अधिक खतरनाक साबित हो सकता है।
लोगों का कहना है कि शहर के जिम्मेदार अधिकारी और प्रशासनिक अमला भी इसी मार्ग से रोजाना गुजरता है, बावजूद इसके सड़क की इस गंभीर समस्या पर अब तक ध्यान नहीं दिया गया। किसी बड़े हादसे के बाद जागने के बजाय समय रहते सड़क की मरम्मत और नाले के हिस्से को सुरक्षित करने की जरूरत है।
सड़क की दरारें साफ दिखाई दे रही हैं, बाउंड्रीवॉल भी खतरे की स्थिति में है और मार्ग पर दिनभर भारी आवागमन रहता है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई और सड़क का हिस्सा धंस गया तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?









