निहारिका के पॉश इलाके में ज्वेलरी शॉप पर हाथ साफ, 3 महिलाओं ने 4.5 लाख के गहने उड़ाए
नमस्ते कोरबा :- शहर के पॉश निहारिका क्षेत्र में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में चोरी की वारदात सामने आई है। गहने देखने के बहाने पहुंची तीन महिलाओं ने सुनियोजित तरीके से करीब साढ़े चार लाख रुपए के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गईं। घटना की शिकायत सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत निहारिका मुख्य मार्ग स्थित दिव्या ज्वेलर्स में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तीन महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंचीं। उन्होंने पहले लॉकेट देखने की बात कही, इसके बाद चेन दिखाने को कहा। दुकान के कर्मचारियों ने उन्हें सामान्य ग्राहक समझकर विभिन्न डिजाइन के गहने दिखाए।
इसी दौरान महिलाओं ने बड़ी चालाकी से दो सोने की चेन और दो लॉकेट छुपाकर अपने पास रख लिए। कुछ देर बाद गहने पसंद नहीं आने की बात कहकर तीनों महिलाएं दुकान से बाहर निकल गईं।
दुकान संचालक अखिल कुमार देवांगन ने बताया कि महिलाओं के जाने के करीब पांच मिनट बाद संदेह होने पर गहनों की जांच की गई, तब चोरी का पता चला। जब तक वे दुकान के बाहर पहुंचे, आरोपी महिलाएं गायब हो चुकी थीं।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर महिलाओं की संदिग्ध गतिविधियां सामने आई हैं, जिसमें वे गहने छुपाते हुए दिखाई दे रही हैं। चोरी किए गए गहनों का कुल वजन करीब 28 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी कीमत लगभग साढ़े 4 लाख रुपए आंकी गई है।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि तीन महिलाओं द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर महिलाओं के हाव-भाव से वे पेशेवर प्रतीत हो रही हैं और बाहरी गिरोह की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया,
Read more :- कोरबा में आर्ट ऑफ लिविंग के स्वामी का आगमन, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने लिया आशीर्वाद










