फर्जी मैसेज से ठगी का जाल: खाद्य लाइसेंस नवीनीकरण के नाम पर व्यापारियों को बनाया जा रहा निशाना
नमस्ते कोरबा :- जिले में इन दिनों साइबर ठग खाद्य लाइसेंस के नवीनीकरण के नाम पर व्यापारियों को निशाना बना रहे हैं। ठग मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप के जरिए क्यूआर कोड भेजकर लाइसेंस रिन्यूअल के नाम पर पैसे की मांग कर रहे हैं, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार पिछले एक सप्ताह से पंजीकृत व्यापारियों को उनके खाद्य लाइसेंस की अंतिम तिथि का हवाला देते हुए फर्जी संदेश भेजे जा रहे हैं। इन संदेशों में एक वर्ष से 5 वर्ष तक लाइसेंस के लिए अलग-अलग फीस जमा करने को कहा जा रहा है,ठग व्यापारियों के व्हाट्सएप नंबर पर उनके पुराने खाद्य लाइसेंस की कॉपी और रजिस्ट्रेशन नंबर भी भेज रहे हैं, जिससे व्यापारी भ्रमित होकर इन संदेशों को सही मान लेते हैं।
महाराणा प्रताप नगर में एक जनरल स्टोर के संचालक तनुज अग्रवाल को एक ऐसा ही संदेश प्राप्त हुआ और जिसके बाद कॉल कर आज अंतिम तिथि बताकर जल्द भुगतान करने का दबाव बनाया गया।व्यापारी ने समझदारी का परिचय देते हुए खाद्य विभाग में जाकर लाइसेंस का रिनुअल कराया और अपने साथ हो रहे फर्जीवाड़ी की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी,
मामले की जानकारी मिलने पर विभाग की ओर से स्पष्ट किया है कि यह पूरी तरह फर्जीवाड़ा है। बताया गया कि साइबर ठग विभाग की वेबसाइट से जानकारी लेकर इस तरह के संदेश भेज रहे हैं। उन्होंने व्यापारियों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदेश पर विश्वास न करें और न ही किसी अज्ञात क्यूआर कोड पर भुगतान करें।
उन्होंने यह भी कहा कि लाइसेंस नवीनीकरण से संबंधित सभी कार्य केवल विभागीय प्रक्रिया के तहत ही किए जाते हैं। किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित क्षेत्र के खाद्य निरीक्षक से संपर्क कर ही आगे की कार्रवाई करें।
Read more :- कोरबा के ग्राम ढपढप में ‘हनुमंत कथा’ की भव्य तैयारियां अंतिम चरण में, एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा









