तेज रफ्तार हाईवा ने खड़ी पिकअप को मारी टक्कर, 11 केवी पोल तोड़ खेत में घुसा वाहन
नमस्ते कोरबा :- कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग पर सरगबुंदिया और बरपाली के बीच देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि पिकअप चालक बाल बाल बच गया,
मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार देर रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है। पिकअप वाहन (CG 12 AP 0721) में सवार कर्मचारी नेशनल हाईवे पर सड़क की सफेद पट्टी (रोड मार्किंग) लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान पिकअप का टायर पंचर हो गया। चालक चंदन ने वाहन को सड़क किनारे साइड में लगाकर टायर बदलना शुरू किया था।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे हाईवा (CG 12 BV 8333) ने खड़ी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आगे का हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया। वाहन की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना भयानक था।
टक्कर के बाद हाईवा चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे लगे 11 केवी बिजली के खंभे को तोड़ते हुए पास के खेत में जा घुसा। हादसे में हाईवा चालक दुर्गेश बरेठ, निवासी जांजगीर जिला, गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में उसका एक पैर टूट गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है।
Read more :- *भक्त माता कर्मा जयंती पर भव्य शोभा यात्रा का शुभारंभ किया जयसिंह अग्रवाल ने*









