हरदी बाज़ार में कुएं में गिरे ‘अहिराज’ का सफल रेस्क्यू, दो दिन बाद सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया
नमस्ते कोरबा : जिले के हरदी बाज़ार क्षेत्र में मानवता और वन्यजीव संरक्षण का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। एक घर के कुएं में गिरे अत्यंत विषैले ‘अहिराज’ (Banded Krait) को वन विभाग के मार्गदर्शन में सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल में छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, हरदी बाज़ार निवासी दीपक टंडन के घर के कुएं में पिछले दो दिनों से एक जहरीला अहिराज सांप गिरा हुआ था। पहले दिन परिजनों ने मानवीय पहल करते हुए कुएं में बाल्टी और रस्सी लटका दी, ताकि सांप स्वयं बाहर निकल सके। हालांकि दूसरे दिन सुबह भी वह कुएं में तैरता हुआ मिला। स्थिति को गंभीर समझते हुए परिजनों ने तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम (नोवा नोवा) को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी ने कटघोरा वन मंडल के डीएफओ कुमार निशांत को मामले से अवगत कराया। उनके मार्गदर्शन में टीम सुबह 6 बजे लगभग 34 किलोमीटर की दूरी तय कर हरदी बाज़ार पहुंची। निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में बाल्टी की सहायता से सांप को सुरक्षित बाहर निकाला गया और विशेष थैले में रखकर सुरक्षित किया गया।
रेस्क्यू के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान जितेंद्र सारथी ने बताया कि अहिराज अत्यंत विषैला होने के बावजूद स्वभाव से शांत होता है। यह अन्य सांपों को खाकर उनकी संख्या नियंत्रित करता है और जैव विविधता के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आवश्यक पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर सांप को उसके प्राकृतिक रहवास, जंगल क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
डीएफओ का संदेश
डीएफओ कुमार निशांत ने कहा, “वन्यजीव हमारे पर्यावरण और जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। अहिराज जैसे दुर्लभ प्राणी हमारी जैव-विविधता की धरोहर हैं। ये अनावश्यक रूप से किसी को नुकसान नहीं पहुंचाते, बल्कि प्राकृतिक संतुलन बनाए रखते हैं। यदि ऐसे जीव घरों में दिखाई दें तो उन्हें नुकसान न पहुंचाएं, बल्कि वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना दें।”
गौरतलब है कि ‘अहिराज’ (Banded Krait) Wildlife Protection Act 1972 की अनुसूची–2 के अंतर्गत संरक्षित प्रजाति है। इसे मारना, पकड़ना, बेचना या किसी प्रकार से नुकसान पहुंचाना दंडनीय अपराध है। दोषी पाए जाने पर जुर्माना एवं कारावास दोनों का प्रावधान है।
वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम, कोरबा
हेल्पलाइन नंबर: 8817534455, 7999622151
Read more :- *होली, ईद एवं गुड फ्राइडे को शांति और सौहार्दपूर्वक मनाने की अपील**जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न*









