कोरबा में जश्न-ए-न्यू ईयर: उल्लास, आस्था और सुरक्षा के बीच नए साल 2026 का स्वागत
नमस्ते कोरबा। वर्ष 2025 को विदाई देने और नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर कोरबा जिले में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। 31 दिसंबर की सुबह से ही शहर और ग्रामीण अंचलों में जश्न का रंग देखने को मिला। जिले के प्रमुख पिकनिक स्पॉट्स, पर्यटन स्थलों और धार्मिक स्थलों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां परिवार और मित्रों संग लोगों ने पुराने साल को यादों में समेटते हुए नए साल का स्वागत किया।
सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें नजर आईं। लोगों ने पूजा-अर्चना कर आने वाले वर्ष के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं युवाओं और परिवारों ने पिकनिक स्थलों पर पहुंचकर संगीत, मस्ती और फोटो सेशन के साथ नए साल के आगमन का उत्सव मनाया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी चहल-पहल बनी रही।
नववर्ष के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, प्रमुख मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया गया और देर रात तक पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
कुल मिलाकर कोरबा में जश्न-ए-न्यू ईयर उल्लास, आस्था और सुरक्षा के संगम के साथ मनाया गया। लोगों के चेहरों पर नए साल को लेकर उम्मीदें और खुशियों की झलक साफ दिखाई दी, वहीं पूरा शहर नए संकल्पों और नई शुरुआत के रंग में रंगा नजर आया।
Read more :- पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबावासियों को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी









