धान खरीदी में अव्यवस्था की शिकायतें, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने लिया जायज़ा
नमस्ते कोरबा :- जिले में धान खरीदी को लेकर किसानों से प्राप्त शिकायतों के बाद पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने दादरखुर्द एवं नागिनभाठा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर मौजूद किसानों एवं कर्मचारियों से सीधा संवाद कर धान खरीदी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
दादरखुर्द धान खरीदी केंद्र में तौल प्रक्रिया, टोकन वितरण एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़ी कुछ अनियमितताओं की जानकारी सामने आई। इस पर पूर्व मंत्री ने मौके पर ही संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान किसानों ने धान तौल में देरी, टोकन व्यवस्था में असुविधा एवं केंद्र संचालन से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा। जयसिंह अग्रवाल ने किसानों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने वर्तमान भाजपा सरकार को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्था यह दर्शाती है कि भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान शासन की नीतियाँ और कार्यशैली किसान विरोधी साबित हो रही हैं, जिसका खामियाजा सीधे किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती शासन के दौरान धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, समयबद्ध और किसान हितैषी बनाया गया था, लेकिन वर्तमान सरकार में वही व्यवस्था अव्यवस्था और लापरवाही का शिकार हो गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हक और हित से जुड़े मुद्दों पर चुप नहीं बैठा जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि धान खरीदी कार्य शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार निष्पक्ष और व्यवस्थित रूप से संचालित की जाए। किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।इस अवसर पर जिला कांग्रेस कोरबा के अध्यक्ष मुकेश राठौर, पूर्व जिला अध्यक्ष नथूलाल यादव, कांग्रेस पार्षदगण, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।







