नगरीय निकाय चुनाव : मतदान केंद्रों में चुनाव सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी महिला मतदान दलों को सौंपी गई
नमस्ते कोरबा : कोरबा जिले में नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 अंतर्गत 11 फरवरी को मतदान किया जाएगा। जिले के सभी नगरीय निकायों अंतर्गत कुल 425 मतदान केंद्रों में चुनाव सम्पन्न कराने की जिम्मेदारी महिला मतदान दलों को सौंपी गई है। इनमें पीठासीन अधिकारी से लेकर मतदान दल क्रमांक 01, 02 एवं 03 शामिल है। लोकतंत्र की इस महापर्व की जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन के लिए महिला मतदान दलों में उत्साह और प्रसन्नता व्याप्त है। आज सुबह से ही महिला मतदान दल उमंग से अपने-अपने मतदान केद्रों की ओर बसों से रवाना हुई।
जिले के सभी नगरीय निकाय अंतर्गत 425 बूथों में कुल 1903 महिलाएं निभाएंगी निर्वाचन की जिम्मेदारी
कोरबा जिले के 06 नगरीय निकाय अंतर्गत 02 नगरीय क्षेत्र नगर निगम कोरबा व नगरपालिका बांकीमोंगरा के लिए मतदान दल झगरहा के आईटी कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम से वोटिंग मशीन लेकर रवाना हुई। इसी प्रकार नगरीय क्षेत्र कटघोरा, दीपका छुरीकला हेतु कटघोरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक एवं पाली नगरीय क्षेत्र के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली से ईवीएम लेकर मतदान दल रवाना हुए है।
कोरबा नगर निगम के 297 मतदान केंद्रों में कुल 1285 महिलाओं की लगाई गई है ड्यूटी
कलेक्टर श्री अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में आईटी कॉलेज कोरबा से नगर निगम कोरबा व बांकीमोंगरा के मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो रही महिला मतदान दल के बसों को सेक्टर ऑफिसर्स द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। सभी ने महिला मतदान दलों को ऑल द बेस्ट कहकर लोकतंत्र के इस महापर्व में शामिल होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी और उनका उत्साहवर्धन किया।
सभी महिला मतदान दल चेहरे में प्रसन्नता एवं उत्साह से मतदान कराने हुई रवाना
आईटी कॉलेज से अपने दल में ईवीएम के साथ बसों में रवाना होती महिलाओं में मतदान कराने का न सिर्फ उत्साह था अपितु चेहरे पर मुस्कान के साथ लोकतंत्र के पर्व में शामिल होने और भागीदार बनने की खुशी भी थी। कलेक्टर श्री अजीत वसंत के नेतृत्व में महिलाओं को जिले के सभी नगरीय क्षेत्र में सम्पूर्ण मतदान केंद्र के लिए जिम्मेदारी दी गई है। निर्वाचन कार्य में जिम्मेदारी मिलने पर खुद को बहुत गौरवान्वित महसूस करते हुए महिला मतदान दल के कर्मचारियों ने खुशी जताई है।
ईवीएम के साथ मतदान केंद्र के लिए रवाना होती पीठासीन अधिकारी श्रीमती किरण यादव ने कहा की जिला प्रशासन ने हमें जो जिम्मेदारी दी है उसे हम निष्ठापूर्वक पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मतदान कराने की मौका मिलने से हम गौरवान्वित महसूस कर रही है। पीठासीन अधिकारी के रूप में मतदान केंद्र के लिए जाने वाली सरोज केसरी भगत ने बताया कि इस कार्य को करने में किसी प्रकार का संकोच नहीं है। बहुत खुशी की बात है कि हमें यह जिम्मेदारी मिली है और इस जिम्मेदारी को पूरा करेंगे। पीठासीन अधिकारी की जिम्मेदारी निभाने वाली श्रीमती नेहा सिंह ने बताया कि इस कार्य से उन्हें गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन का दायित्व बहुत ही जिम्मेदारी और गंभीरता से जुड़ा हुआ है। हम सभी इसे कुशलतापूर्वक संपादित करेंगे।
मतदान अधिकारी के रूप में मतदान दल क्रमांक 01 की जिम्मेदारी निभाने वाली व्ही सुजाता अहमद, गंगोत्री राज, दुर्गेश्वरी कुर्रे सहित अन्य महिलाओं ने कहा कि हम सभी महिलाएं बहुत ही उत्साहित हैं कि महिला टीम चुनाव की जिम्मेदारी का काम करने जा रहीं है। उन्होंने कहा कि हमें जो जिम्मेदारी मिली है उसे निष्ठापूर्वक पूरा करेंगे। सभी महिलाओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में खुद की भागीदारी पर खुशी जताई है।
कोरबा जिले के सभी नगरीय निकाय अंतर्गत 425 पोलिंग बूथों पर लगभग 1903 महिला मतदान अधिकारी कर्मचारियों द्वारा मतदान कराया जाएगा। कोरबा नगर निगम अंतर्गत कुल 297 पोलिंग बूथ हेतु कुल 1188 महिला कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है साथ ही 97 महिला कर्मचारियों को रिजर्व रखा गया है। इसी प्रकार नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के 47 मतदान केंद्रों हेतु कुल 205 कर्मचारियों की ड्यूटी, दीपका नगरीय क्षेत्र के 30 पोलिंग बूथ हेतु 139 कर्मचारी, कटघोरा के 21 पोलिंग बूथ हेतु 117 कर्मचारी, छुरीकला के 15 मतदान केंद्र हेतु 85 कर्मचारी एवं पाली नगर पंचायत के 15 पोलिंग बूथ हेतु 72 महिला कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है। सभी महिला मतदान कर्मचारियों को आज मतदान कार्य पूर्ण कराने हेतु रवाना किया गया। सभी महिलाएं प्रसन्नतापूर्वक निर्वाचन की जिम्मेदारी निभाने के लिए रवाना हुई। नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 अंतर्गत जिले में मतदान 11 फरवरी को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।
Read more :- निकाय चुनाव :- शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने पुलिस और प्रशासन की टीम उतरी सड़क पर, किया पैदल मार्च