नमस्ते कोरबा ::महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद ने कोरोना वायरस से उत्पन्न इस आपदा की घड़ी में निगम के पार्षद व एल्डरमेनगणों से और अधिक सहयोग की अपेक्षा के साथ उनसे वर्चुअल मीटिंग की। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ने भी इस वर्चुअल मीटिंग से जुड़कर पार्षदों का मार्गदर्शन किया तथा कोरोना के खिलाफ लड़ी जा रही इस बड़ी लड़ाई में यथासंभव अपना सहयोग देने का आव्हान जनप्रतिनिधियों से किया।
महापौर श्री प्रसाद द्वारा शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण से सुरक्षा व नियंत्रण की दिशा में निगम के पार्षदगणों, एल्डरमेन के साथ जूम मीटिंग का आयोजन किया गया। मीटिंग के दौरान राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल ने पार्षदगणों का मार्गदर्शन किया तथा कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव व नियंत्रण के लिए राज्य शासन युद्धस्तर पर कई मोर्चा पर एक साथ काम कर रहा है, समूचे प्रदेश के साथ-साथ कोरबा जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए है तथा आवश्यकता के अनुसार इस दिशा में और अधिक कार्य किए जाएंगे। उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का एकमात्र लक्ष्य है कि जल्द से जल्द इस महामारी पर नियंत्रण पाकर आमजन को इस महामारी से पूर्ण रूप से सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होने कहा कि निगम के पार्षद व एल्डरमेनगण अपना और अधिक सहयोग दें तथा लड़ी जा रही इस बड़ी लड़ाई में अपनी सहभागिता का विस्तार करें। उन्होने आमनागरिकों को संदेश देते हुए कहा कि वे घर पर सुरक्षित रहें, अतिआवश्यक होने पर घर से बाहर निकलने पर अनिवार्य रूप से मास्क लगाएं, सार्वजनिक स्थानां पर सोशल डिस्टेंसिंग अपनाएं तथा यदि किसी प्रकार की सहायता की आवश्कता पडे़ तो अपने वार्ड पार्षद से संपर्क करें, पार्षदगण उनका पूरा सहयोग करेंगे।

वर्चुअल मीटिंग में महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद ने पार्षदगणों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी कोरोना महामारी से एक बड़ी लड़ाई लड़ रहे है, सभी जनप्रतिनिधिगण अपने-अपने क्षेत्र में यथासंभव सेवाएं दे रहे हैं, लाकडाउन का पालन कराना हो या हितग्राहियों को टीकाकरण केन्द्र तक ले जाना, होम क्वारन्टाईन विषय हो या सेनेटाईजेशन संबंधी कार्य, साफ-सफाई की व्यवस्था हो या कोरोना के प्रति जनजागरूकता प्रसार का कार्य, सभी में हमारे पार्षद व एल्डरमेनगण अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। उनके द्वारा स्वेच्छा से स्वास्थ्य सुविधाओं मेंं वृद्धि हेतु उपकरणों की खरीदी एवं अन्य उपयोगी सामग्री खरीदने हेतु अपनी स्वीकृति पार्षद मद से दी जा रही है, मेरा आग्रह है कि हमारे जिन साथियों ने अभी तक यह स्वीकृति नहीं दी है, वे यथाशीघ्र अपनी स्वीकृति प्रदान करें। उन्होने विशेष रूप से रेखांकित करते हुए कहा कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल लगातार कोरोना संक्रमण से बचाव व नियंत्रण के संबंध में जिला प्रशासन व नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यो पर नजर रख रहे हैं तथा प्रशासन का आवश्यक मार्गदर्शन कर रहे हैं। जहां तक स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रश्न है तो राजस्व मंत्री जी के मार्गदर्शन में लगातार इस पर कार्य हो रहा है, उनके निर्देश पर कोविड हास्पिटल में आक्सीजनयुक्त बेडों की कमी देखते हुए 250 आक्सीजनयुक्त बेडों का विस्तार किया गया है, जिनमें से 128 बेड दो दिन पूर्व ही मंत्री जी द्वारा लोकार्पित किए गए हैं। उन्होने कहा कि बेहतर प्रबंधन के द्वारा हम शीघ्र ही इस महामारी पर विजय प्राप्त करेंगे, केवल आवश्यकता इस बात की है कि आप सभी का सहयोग आगे भी निरंतर मिलता रहे।
सभापति व पार्षदों ने रखी अपनी बात-
वर्चुअल मीटिंग के दौरान सभापति श्री श्यामसुंदर सोनी ने सेनेटाईजेशन कार्या को और अधिक गति देने, फागिंग मशीन चलाने तथा कोरोना संक्रमित होम आईसोलेट व्यक्ति को शीघ्र से शीघ्र दवाएं उपलब्ध कराने की बात कही। इसी प्रकार पार्षद श्री सुरेन्द्रप्रताप जायसवाल ने मजदूरों को रोजगार मुहैया हो, इसके लिए कोरोना काल में निर्माण कार्यो को जारी रखने, कोविड नियमों का पालन करते हुए सड़कों का निर्माण कार्य चालू रखने तथा कोरोना संक्रमितों के निधन होने पर अंतिम संस्कार हेतु लकड़ी की व्यवस्था करने आदि के संबंध में मांग रखी। इसी प्रकार मेयर इन काउंसिल सदस्य व जिला कांग्रेस कमेटी की शहर अध्यक्ष श्रीमती सपना चौहान ने कहा कि दूसरे जिले के राशन कार्डधारी जो लाकडाउन की वजह से कोरबा में फसे हुए हैं, उन्हें राशन उपलब्ध कराया जाए। इसी प्रकार संतोष राठौर ने कहा कि मेरे द्वारा पार्षदमद से कोरोना नियंत्रण संबंधी कार्यो हेतु राशि स्वीकृत की गई है, मेरा सभी पार्षदों से आग्रह है कि वे भी अपने पार्षदमद से राशि स्वीकृत करें। सुखसागर निर्मलकर ने कहा कि मजदूरों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कार्य करने की छूट दी जाए। उन्होने राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल द्वारा सीपेट में कराई गई आक्सीजनयुक्त बेडों की व्यवस्था का आभार माना। पार्षद श्री अनुज जायसवाल ने सेनेटाईजेशन कार्य को विस्तार देने तथा पार्षदों को अपने पार्षदमद से कोविड टेस्ट उपकरण खरीदने की सुविधा देने आदि के संबंध में बात रखी। वहीं एल्डरमेन मनीराम साहू ने अपने वार्ड अंतर्गत इंदिरा नगर में कोविड-19 के भारी मात्रा में संक्रमण, शवदाह हेतु लकड़ी की कमी एवं एन.टी.पी.सी. द्वारा सेनेटाईजेशन कार्य में घोर उदासीनता बरती जाने की बात कही। एल्डरमेन आशीष अग्रवाल ने भी एन.टी.पी.सी. द्वारा सेनेटाईजेशन में उदासीनता बरते जाने की शिकायत की। मेयर इन काउंसिल सदस्य अमरजीत सिंह ने कुसमुण्डा क्षेत्र में एस.ई.सी.एल. के कर्मचारियों के निरंतर संक्रमित होने व एस.ई.सी.एल. प्रबंधन द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कदम न उठाने की बात कही। उन्होने कहा कि एस.ई.सी.एल. के महाप्रबंधक से मैने अपने वार्ड में 30 बेडों की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। इसी प्रकार पार्षद दिनेश सोनी ने कहा कि जिन व्यक्तियों के पास राशन कार्ड नहीं है तथा जिनकी दैनिक मजदूरी का काम बंद हो चुका है, उन्हें पार्षदनिधि से सूखा राशन सामान बांटने की स्वीकृति पार्षदों को प्राप्त होनी चाहिए, इसके साथ ही चूंकि अभी बैंक बंद है ,अतः श्रद्धांजलि योजना के तहत प्रदान की जाने वाली सहायता राशि संबंधित हितग्राहियों को नगद रूप में दी जाए। उन्होने मांग रखी कि जो निर्धन व्यक्ति अंतिम संस्कार हेतु लकड़ी की व्यवस्था करने में असमर्थ है, उन्हें निगम द्वारा लकड़ी उपलब्ध कराई जाए। इसी प्रकार अन्य पार्षद व एल्डरमेनगणों ने भी अपनी-अपनी बात रखी तथा कोरोना संक्रमण के नियंत्रण व बचाव हेतु शासन प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यो में अपना पूरा सहयोग व सहभागिता देने की बात कही।
वर्चुअल मीटिंग के दौरान सभापति श्री श्यामसुंदर सोनी के साथ ही पार्षद सुरेन्द्रप्रताप जायसवाल, एम.आई.सी.सदस्य संतोष राठौर, सुखसागर निर्मलकर, सपना चौहान, मस्तुल सिंह कंवर, अमरजीत सिंह, सुरती कुलदीप, पालूराम साहू, अनुज जायसवाल, रवि चंदेल, एल्डरमेन संगीता सक्सेना , ठाकुर प्रसाद अकेला, रूपा मिश्रा, एस.मूर्ति, आरिफ खान, मनीराम साहू, आशीष अग्रवाल, कांग्रेस कमेटी ब्लाक अध्यक्षगण सनीष कुमार, सुधीर जैन, गणेश महंत आदि सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण वर्चुअल मीटिंग से जुडे़ हुए थे।









