नमस्ते कोरबा :-: जशपुर के दिव्यांग केंद्र में पांच बच्चियों से छेड़छाड़ व दुष्कर्म करने की घटना को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेश भर में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में जिले की महिला मोर्चा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को दोपहर 12 बजे सुभाष चौक में काली पट्टी लगाकर मौन धरना-प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष वैशाली रत्नपारखी ने कहा कि भूपेश बघेल के शासनकाल में प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरफ चौपट हो चुकी है. अपराधी तत्व बहन-बेटियों के साथ दरिंदगी, सामूहिक बलात्कार की घटनाओं को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं. छत्तीसगढ़ राज्य अपराधों की श्रेणी में अग्रणी राज्य बन चुका है मुख्यमंत्री केवल अपनी कुर्सी बचाने में जुटे हुए हैं राज्य से उनको कोई सरोकार नहीं रह गया, जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिल जाता महिला मोर्चा के सदस्य शांत नहीं बैठेंगे.
देश भर में अपराधों के मामले मैं छत्तीसगढ़ का नाम हो रहा है और अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि कानून व्यवस्था चरमरा गई है। यहां स्कूल-कालेज की बच्चियां भी सुरक्षित नहीं है। जशपुर में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के माध्यम से संचालित समर्थ दिव्यांग केंद्र की घटना ने मानवता को कलंकित किया है। बच्चियों के साथ वहीं के कर्मचारियों ने शराब पीकर हुड़दंग करते हुए अनैतिक कार्य किया है। जो घोर निंदनीय है।









