छत्तीसगढ़ के 7 हजार से अधिक निजी विद्यालय कल बंद रहेंगे। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने एलान किया है कि सोमवार को प्रदेश स्तर पर हड़ताल होगी और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
निजी स्कूल संचालकों की मांग है कि विद्यालयों के 2020 -2021 का RTE के बकाया का भुगतान किया जाये। कोरोना काल में 16 महीनों तक स्कूल बसों का संचालन बंद रहा, इसलिए अप्रैल 2020 से जुलाई 2021 (16 महीने) तक प्रदेश की सभी स्कूल बसों का रोड टैक्स माफ किया जाए।
नवीन मान्यता, मान्यता नवीनीकरण पर स्कूल शिक्षा विभाग के ढीलेढाले रवैये को दुरुस्त किया जाये क्योंकि पूरे प्रदेश में मान्यता की प्रक्रिया 2 से 3 वर्ष विलंब से चल रही है।
स्कूल संचालकों की शिकायत है कि जब से कोरोना संक्रमण के दौरान प्रदेश के सभी अशासकीय विद्यालयों का स्कूल शिक्षा विभाग ने निरीक्षण कराया, तब से अलग-अलग जिलों में कमियां बता कर अशासकीय विद्यालयों को परेशान किया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर शिक्षा विभाग के RTE सेक्शन से पता चला है कि निजी स्कूलों के RTE के बकाया भुगतान की प्रक्रिया चल रही है, जल्द ही संचालकों को इसका भुगतान मिलने लगेगा।









