सूने मकान में चोरी का खुलासा, मां-बेटे गिरफ्तार,11 लाख से अधिक के सोने-चांदी के जेवर बरामद
नमस्ते कोरबा :- जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सतत कार्रवाई के बीच सूने मकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से गिरवी रखे गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 11 लाख 11 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व एसडीओपी के मार्गदर्शन में पुलिस सहायता केंद्र मानीकपुर एवं कोतवाली पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का पर्दाफाश किया गया,मिली जानकारी के अनुसार 6 फरवरी 2026 को प्रार्थी ने चौकी मानीकपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार सहित रायपुर गया हुआ था।
7 फरवरी की रात घर लौटने पर देखा कि घर के बाहर और अंदर लगे ताले टूटे हुए हैं। घर के भीतर रखे सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अन्य कीमती सामान गायब थे। प्रारंभिक रूप से चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई थी।
प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने चोरी के सोने-चांदी के आभूषण “मधुर फाइनेंस” में गिरवी रख दिए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फाइनेंस कंपनी से संपर्क कर विधिवत कार्रवाई करते हुए सभी आभूषण बरामद कर लिए। बरामद जेवरों का बाजार मूल्य लगभग 11.11 लाख रुपये आंका गया है।
पुलिस ने इस मामले में संजय वैष्णव उर्फ गोलू (31 वर्ष) एवं उसकी मां लव कुमारी वैष्णव (50 वर्ष), निवासी निहारिका साडा कॉलोनी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305(1), 317(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Read more :- कच्ची शराब के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नकटीखार के ग्रामीण पहुंचे कलेक्टरेट







