राहुल सेन को मिली बड़ी जिम्मेदारी, अखिल भारतीय सांस्कृतिक विकास महासंघ ने बनाया प्रदेश संगठन सचिव
नमस्ते कोरबा । अखिल भारतीय सांस्कृतिक विकास महासंघ ने छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष तपन कुमार घोष ने वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता राहुल सेन को छत्तीसगढ़ प्रदेश का प्रदेश संगठन सचिव नियुक्त किया है। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष अमित गौतम ने भी राहुल सेन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
पत्रकारिता के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय
राहुल सेन वर्ष 2012 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के विभिन्न समाचार संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्तमान में वे News 21 के स्टेट हेड एवं एडिटर, छत्तीसगढ़ जनरलिस्ट वेलफेयर यूनियन एसोसिएशन के स्टेट जॉइंट सेक्रेटरी, Helping Human Human Rights Foundation के स्टेट PRO तथा The Police Today छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय न्यूज एजेंसी के प्रभारी के रूप में सक्रिय हैं।
कला-संस्कृति और विरासत के संरक्षण पर रहेगा फोकस
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद राहुल सेन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष तपन कुमार घोष और प्रदेश अध्यक्ष अमित गौतम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन की जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए काम किया जाएगा।
एक माह में प्रदेश शाखा गठन की जिम्मेदारी
महासंघ ने राहुल सेन को संगठन विस्तार की अहम जिम्मेदारी भी सौंपी है। उन्हें आगामी एक माह के भीतर छत्तीसगढ़ प्रदेश शाखा का गठन कर इसकी सूचना राष्ट्रीय कार्यालय को देने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में उनकी नियुक्ति को संगठन के छत्तीसगढ़ में विस्तार और गतिविधियों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राहुल सेन की नई जिम्मेदारी के साथ अब महासंघ की छत्तीसगढ़ इकाई के विस्तार और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की चुनौती उनके सामने होगी।









