कटघोरा वन मंडल के पाली वन परिक्षेत्र में बाघ विचरण की खबर,बाघ का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल वन विभाग लगा पुष्टि करने में
नमस्ते कोरबा: कटघोरा वन मंडल के पाली वन परिक्षेत्र में बाघ विचरण की खबर पूरे दिन तस्वीर के साथ इंटरनेट मीडिया में वायरल होती रही। जिसकी पुष्टि के लिए वन विभाग की टीम जुटी हुई है।
वायरल वीडियो के मुताबिक जिले के पाली वन परिक्षेत्र के डी जे सांगा में बाघ दिखने का दावा किया गया है। सड़क पार करने के दौरान 4 की संख्या में बाघ और शावक नजर आए हैं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वहीं इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाने में वन विभाग लगा हुआ है।
वायरल वीडियो के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पहाड़ गांव निवासी विनोद कुमार आयम के घर शादी थी। शादी में शामिल होकर रात 9.30 बजे ग्राम पंचायत जेमरा के सरपंच भंवर सिंह उईके और ग्रामीण दशरथ सिंह राज मोटर साइकिल से लौट रहे थे।
इसी दौरान रामटॉक जंगल के छिंदपहरी और सपलवा रोड के तिराहे के पास बाघ दिखे। दूर से हॉर्न बजाने के बावजूद वह टस से मस नहीं हुए। यहां से दोनों व्यक्ति अपने गांव आकर पंचायत के लोगों को बाघ के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों की माने तो इस इलाके में कई बार बाघ को देखा गया है जो घर के आंगन में बकरी और मवेशियों को अपना शिकार बन चुके हैं।कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत ने बताया कि खबर की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाया जा रहा है, इसके बाद ही वास्तविकता सामने आएगी।
Note: नमस्ते कोरबा समाचार इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है









