*गेवरा शक्तिनगर में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की इलेक्ट्रॉनिक दुकान में लगी आग, मौके पर फायर वाहन पहुंचा,CISF जवानों ने समय रहते पाया काबू*
नमस्ते कोरबा : रविवार सुबह लगभग 10:30 बजे शक्तिनगर स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में इलेक्ट्रॉनिक सामान की रिपेयरिंग करने वाली कोलकाता रेफ्रिजरेशन की “आलम सेल्स एंड सर्विस” दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान संचालक शाहनवाज आलम ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट आशंका जताई है।
आगजनी घटना की सूचना सीआईएसएफ कार्यालय में दी गई । इसके बाद सीआईएसएफ गेवरा में पदस्थ सहायक कमांडेंट सुमन सिंह के नेतृत्व में इकाई कार्यालय में मौजूद बल सदस्यों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बाल्टियों से पानी डालकर आग पर प्रारंभिक नियंत्रण पाया। हालांकि आग बुझने तक दुकान में रखे लगभग 70 से 80 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया।
दुकानदार ने शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई
आग लगने की घटना के बाद SECL गेवरा प्रबंधन की ओर से पानी का टैंकर मौके पर भेजा गया। इसके कुछ देर बाद फायर वाहन भी घटनास्थल पर पहुंच गया और आग को पूरी तरह बुझाने की कार्रवाई की गई।
दुकान संचालक शाहनवाज आलम ने बताया कि वे सुबह करीब 9:30 बजे दुकान खोलकर 15-20 मिनट बाद काम के सिलसिले में दुकान बंद कर बाहर फील्ड निकल गए थे। लगभग 10:30 बजे उन्हें बगल की दुकान से फोन आया कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है और आग लग गई है।
सीआईएसएफ जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोका, जिससे आसपास की दुकानों में आग लगने की आशंका टल गई। स्थानीय लोगों ने समय पर मदद के लिए सीआईएसएफ जवानों की सराहना की।









