भुगतान के लिए ठेकेदार का आमरण अनशन, एक दिन में बैकफुट पर आया विभाग,11 फरवरी को शत-प्रतिशत भुगतान का आश्वासन, समर्थन में उतरे ठेकेदार संघ व कांग्रेस
नमस्ते कोरबा :- अटल परिसर निर्माण और मूर्ति स्थापना कार्य का भुगतान पाने के लिए एक ठेकेदार को आमरण अनशन का सहारा लेना पड़ा। अनशन के पहले ही दिन विभाग बैकफुट पर आ गया और बुधवार 11 फरवरी को शत-प्रतिशत भुगतान करने का लिखित आश्वासन देते हुए ठेकेदार से अनशन समाप्त करने की गुजारिश की है।

नगर पंचायत छुरीकला के मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि उपअभियंता द्वारा प्रस्तुत बिल के आधार पर 11 फरवरी 2026 को देयक का लेखा परीक्षण कर कार्यालय अवधि में शत-प्रतिशत भुगतान की कार्रवाई की जाएगी। पत्र में ठेकेदार से अटल परिसर के सामने जारी आमरण अनशन तत्काल समाप्त करने का आग्रह भी किया गया है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में अग्रवाल एजेंसी कटघोरा को नगर पंचायत छुरीकला के अंतर्गत लगभग 20 लाख रुपये की लागत से ‘अटल परिसर निर्माण एवं मूर्ति स्थापना’ का कार्य सौंपा गया था। ठेकेदार अनिल अग्रवाल ने अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्य समय पर पूरा कर परिसर का लोकार्पण और हैंडओवर भी कर दिया, लेकिन छह माह बीतने के बाद भी उन्हें केवल 40 प्रतिशत भुगतान ही मिल सका। शेष करीब 12 लाख रुपये के भुगतान के लिए उन्हें लगातार दफ्तरों के चक्कर काटने पड़े।
बार-बार गुहार लगाने के बाद भी भुगतान नहीं मिलने पर ठेकेदार ने प्रशासन को चेतावनी दी थी कि 9 फरवरी 2026 तक राशि जारी नहीं होने पर वे अनशन पर बैठेंगे। तय समय पर भुगतान नहीं मिलने पर 10 फरवरी से वे श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के सामने आमरण अनशन पर बैठ गए।
अनशन की खबर फैलते ही स्थानीय राजनीति और ठेकेदार संगठनों ने भी समर्थन दिया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोरेलाल यादव तथा जिला ठेकेदार संघ के सचिव एवं नगर निगम कोरबा ठेकेदार संघ के अध्यक्ष असलम खान ने मौके पर पहुंचकर समर्थन जताया। असलम खान ने कहा कि यह समस्या केवल एक ठेकेदार की नहीं, बल्कि निविदा लेकर काम करने वाले अधिकांश ठेकेदारों की है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भुगतान प्रणाली में 40-40-20 प्रतिशत का अनुपात ठेकेदारों के लिए बेहद परेशानी भरा है और समय पर भुगतान नहीं होने से आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।
इधर विभाग द्वारा लिखित आश्वासन जारी होने के बाद अब सबकी नजर बुधवार को होने वाले भुगतान पर टिकी है। यदि वादे के अनुसार राशि जारी होती है, तो ठेकेदार अनशन समाप्त करेंगे, अन्यथा आंदोलन तेज होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।
Read more :- श्री श्याम मंदिर स्थापना दिवस पर निशान यात्रा में दिखी श्याम भक्तों की आस्था, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल हुए शामिल







