तुमान में कांग्रेस का मनरेगा बचाओ रैली, केंद्र सरकार पर श्रमिक अधिकार खत्म करने का आरोप
नमस्ते कोरबा : तुमान में मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत विधानसभा स्तरीय मनरेगा बचाओ रैली एवं आमसभा का आयोजन किया गया। बाजार चौक तुमान में आयोजित रामपुर विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम में कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार पर मनरेगा कानून को कमजोर करने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि मनरेगा के कानून को कमजोर कर मोदी सरकार ने देश के करोड़ों श्रमिकों के हितों पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा एक ऐतिहासिक कानून था, जिसने रोजगार चाहने वाले करोड़ों लोगों को गरिमामय अवसर प्रदान किए।
एआईसीसी सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश सह प्रभारी सुश्री जरिता लैतफ्लांग ने कहा कि मनरेगा पंचायत और ग्राम सभा को भी मजबूती देता था। पहले गांव के लोग तय करते थे कि कौन सा काम होगा, लेकिन अब यह निर्णय सरकार के हाथों में केंद्रित कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुधार के नाम पर दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि मनरेगा देश के गरीब तबके के लिए रोजगार का सहारा रहा है। नियमों और नाम में बदलाव कर इसे पूरी तरह केंद्र सरकार की मर्जी पर निर्भर बना दिया गया है, जिससे रोजगार का अधिकार समाप्त होने का खतरा है। उन्होंने कहा कि त्रुटियों को सुधारा जा सकता था, लेकिन रोजगार का अधिकार खत्म करना उचित नहीं है।
रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने कहा कि मनरेगा अधिनियम 2005 में मनमोहन सिंह सरकार ने लागू किया था, जो अधिकार आधारित कानून था। अब नियमों में बदलाव कर इसके वैधानिक अधिकार को कमजोर किया जा रहा है। जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने भी केंद्र सरकार के फैसले को श्रमिक विरोधी बताया।
सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व अध्यक्ष हरीश परसाई ने कहा कि मनरेगा पिछले दो दशकों से 12 करोड़ से अधिक मजदूरों के लिए जीवनरेखा रहा है और कोविड महामारी के दौरान भी आर्थिक सुरक्षा का आधार बना।
कार्यक्रम की शुरुआत कबीर चौक स्थित कबीर जय स्तंभ में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद कबीर चौक से बाजार चौक तक विशाल रैली निकाली गई। सभा का संचालन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष देवांगन ने किया, जबकि सांसद प्रतिनिधि प्रमोद कुमार श्रीवास ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित रहे।
Read more :- ऊर्जाधानी कोरबा बना ‘मच्छरों की राजधानी’,जनता अपने दम पर लड़ रही मच्छरों से जंग







