कागजों में स्वच्छता,वार्ड 25 और 26 के बीच प्लॉट एरिया में नगर निगम की सफाई व्यवस्था फेल
नमस्ते कोरबा : एक तरफ स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ हकीकत इन तस्वीरों में साफ दिखाई दे रही है। कोरबा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 25 और 26 के बीच स्थित प्लॉट एरिया में सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल नजर आ रही है। जगह-जगह कचरे के ढेर, टूटी निर्माण सामग्री, सड़क किनारे बिखरा प्लास्टिक और खुले नाले नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं।
इलाके में बने नाली में गंदा और बदबूदार पानी भरा हुआ है, जिसकी नियमित सफाई नहीं होने से आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि इसी क्षेत्र में पीने के पानी की पाइपलाइन भी लीकेज हो रही है। पाइपलाइन से रिसते पानी के कारण आसपास गंदगी और कीचड़ जमा हो गया है, जिससे पीने के पानी के दूषित होने की आशंका बढ़ गई है। ऐसी स्थिति में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
नगर निगम एक ओर शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के दावे करता है, वहीं वार्ड 25 और 26 के बीच प्लॉट एरिया की यह स्थिति उन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और लीकेज पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है।
Read more :- पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के स्वर्ण सिटी निवास पर होली मिलन पर उमड़ा जनसैलाब,









